नवरात्र में IIT से नौबस्ता तक दौड़ेगी कानपुर मेट्रो, PMO से मिली हरी झंडी

KNEWS DESK- कानपुर के दक्षिणी क्षेत्र के लोगों का मेट्रो का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। अगले महीने नवरात्र के शुरुआती दिनों में सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू होने की उम्मीद है। मेट्रो के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO से इसके संचालन को लेकर संकेत मिल चुका है। इसके बाद उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सेंट्रल से नौबस्ता तक करीब 7 किलोमीटर लंबे नए हिस्से के जुड़ने के बाद आईआईटी से नौबस्ता तक सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी मिल जाएगी। यूपीएमआरसी उद्घाटन समारोह की तैयारियों के साथ स्टेशनों पर साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं की दोबारा जांच कर रहा है।

सेंट्रल से नौबस्ता के बीच सभी सात नए स्टेशनों पर स्टेशन कंट्रोलर, दो गार्ड और दो सफाई कर्मी तैनात किए जा चुके हैं। मेट्रो सेवा शुरू होने से पहले दिन और रात की दोनों शिफ्ट में स्टाफ की संख्या बढ़ाकर करीब 150 किए जाने की योजना है। इस विस्तार से किदवई नगर, बसंत विहार, बारादेवी और नौबस्ता सहित दक्षिणी कानपुर के कई इलाकों को सीधा लाभ मिलेगा। अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र के 10 लाख से अधिक लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। नौबस्ता और आसपास के इलाकों से आईआईटी या रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा होगी।

कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 की कुल लंबाई आईआईटी से नौबस्ता तक करीब 23.50 किलोमीटर होगी। इस पूरे रूट पर 21 स्टेशन होंगे और सफर करीब 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। अधिकतम किराया 60 रुपये निर्धारित बताया गया है। नए हिस्से में झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर भूमिगत स्टेशन होंगे, जबकि बारादेवी, किदवई नगर, बसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता टर्मिनल एलिवेटेड स्टेशन होंगे। झकरकटी स्टेशन बस अड्डे के पास होने के कारण बाहरी जिलों से आने वाले यात्रियों को भी मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी।

मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, नौबस्ता तक सेवा शुरू होने के बाद दैनिक यात्रियों की संख्या मौजूदा 20-25 हजार से बढ़कर 70 हजार से एक लाख से अधिक होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *