हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा शामिल हुए। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए घुसपैठियों, मतदाता सूची और चुनावों को लेकर सवाल उठाए।
Knews Desk – हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्रा का आयोजन किया। यह पदयात्रा शिमला के ओल्ड बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा साहिब पार्किंग से शुरू होकर विक्ट्री टनल और विधानसभा मार्ग से होते हुए चौड़ा मैदान तक पहुंची।
इस पदयात्रा में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक, पदाधिकारी और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पदयात्रा के दौरान हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में घुसपैठियों की समस्या गंभीर है और इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट से लेकर संसद तक स्वीकार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष घुसपैठियों की पहचान करने और उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया का विरोध कर रहा है। सरमा ने कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने का प्रयास कर रही है।
असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल और असम सहित कई राज्यों में घुसपैठ की समस्या है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर घुसपैठियों की पहचान करने और उनके नाम हटाने की प्रक्रिया नहीं होगी, तो इस समस्या का समाधान कैसे होगा। उन्होंने एसआईआर का जिक्र करते हुए कहा कि बाबर और औरंगजेब जैसे घुसपैठियों के नाम हटाने के लिए यह प्रक्रिया हो रही है और कांग्रेस उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।
हिमंता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी के चुनाव और लोकतंत्र से जुड़े बयानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 2024 के चुनाव को रद्द करने की बात कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें बताना चाहिए कि क्या हिमाचल प्रदेश और केरल के चुनाव भी रद्द होने चाहिए। सरमा ने यह भी सवाल किया कि क्या राहुल गांधी का रायबरेली से अपना चुनाव भी रद्द होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पहले कांग्रेस शासित राज्यों की सरकारों से इस्तीफा मांगना चाहिए और उसके बाद भाजपा के चुनावों पर सवाल उठाने चाहिए। सरमा के मुताबिक, जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो सब कुछ सही होता है, लेकिन भाजपा की जीत पर वोट चोरी और चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर चुनाव में गड़बड़ी हुई है, तो राहुल गांधी को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेंगे।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के वर्ष 2014 के बाद देश में लोकतंत्र खत्म होने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए सरमा ने कहा कि देश में लोकतंत्र है, तभी 2022 में जयराम ठाकुर के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बने हैं।
गौरतलब है कि रविवार को नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विपक्षी ‘INDI’ गठबंधन की ओर से ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ विषय पर महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हिस्सा लेने के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और कांग्रेस विधायक दल के सदस्य दिल्ली गए हुए हैं।
एक ओर दिल्ली में विपक्षी दल केंद्र सरकार के खिलाफ लामबंद हैं, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के जरिए कांग्रेस और ‘INDI’ गठबंधन को जवाब देने का प्रयास किया। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस और विपक्षी दल देश में भ्रम और अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसका जवाब जनता समय आने पर जरूर देगी।