‘ज्ञानेश कुमार को पद से हटना होगा’… महारैली में राहुल गांधी का बड़ा ऐलान

दिल्ली में INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ में राहुल गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चुनावों में कथित धांधली और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई के बाद विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के सामने खड़ा होगा।

Knews Desk – कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार अपने पद से हटेंगे और जेल जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा।

राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई के बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के सामने खड़ा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने देश की आत्मा और लोकतंत्र पर हमला किया है। उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को जो संदेश भेजना था, वह जनता ने यहां से भेज दिया है। यह किसी राजनीतिक दल या नेता की आवाज नहीं, बल्कि देश के युवाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज है। यह आवाज कह रही है कि हम संविधान और लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे।”

राहुल गांधी ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और हरियाणा के विधानसभा चुनावों के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में कथित धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए, जो कुल मतदाताओं का करीब 15 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और विपक्ष के बीच मतों का अंतर केवल तीन प्रतिशत था। राहुल गांधी ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग की बातों से यह साबित हो गया है कि चुनाव ‘चोरी का चुनाव और अवैध चुनाव’ था। उन्होंने यह भी कहा कि 2024 के चुनाव के बाद हर सात में से एक मतदाता का नाम हटा दिया गया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के बिना नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बन पाते। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सामान्य चोरी नहीं, बल्कि हिंदुस्तान के हर नागरिक की आवाज और अभिव्यक्ति की चोरी है। राहुल गांधी ने कहा, “इसे कानूनी भाषा में दुर्लभतम मामला कहते हैं, इसे देशद्रोह कहते हैं।”

राहुल गांधी ने कहा कि देश ऐसा नहीं होना चाहिए, जहां केवल दो-तीन लोगों के हितों का ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि देश को पटरी पर लाने के लिए पहला कदम ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई करना है। इसके बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के सामने खड़ा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह बचकर नहीं भाग सकते और देश उनसे न्याय मांगेगा।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने देश की अपनी कल्पना का जिक्र करते हुए कहा कि ‘शिव की बारात’ में कोई भी शामिल हो सकता है और तांडव में नाचने से किसी को रोका नहीं जाता। उन्होंने कहा कि वह ऐसा हिंदुस्तान चाहते हैं, जहां किसानों को उनकी मेहनत का फल मिले और छात्रों को रोजगार के साथ उनकी मेहनत का उचित परिणाम मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *