FSSAI का भ्रामक दावों पर बड़ा हंटर… इमामी, प्लान बी और न्यूहर्ब्स समेत 8 बड़ी फूड कंपनियों को नोटिस, ‘हेल्दी’ और ‘जीरो मैदा’ के नाम पर गुमराह करने का आरोप

डिजिटल डेस्क- देश में बिकने वाले खाद्य उत्पादों की शुद्धता और उनकी मार्केटिंग पर कड़ा रुख अपनाते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य नियामक संस्था ने उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले ब्रांड नाम, टैगलाइन और झूठे उत्पाद दावों के इस्तेमाल को लेकर देश की 8 जानी-मानी फूड कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। FSSAI का साफ कहना है कि इन कंपनियों के उत्पादों पर किए गए दावे खाद्य सुरक्षा नियमों के मापदंडों पर खरे नहीं उतरते और इनसे आम ग्राहकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।

इन 8 दिग्गज फूड ब्रांड्स पर गिरा FSSAI का गाज

नियामक संस्था ने जिन आठ फूड बिजनेस ऑपरेटर्स के खिलाफ यह सख्त कदम उठाया है, उनमें बाजार के कई नामी ब्रांड्स शामिल हैं। FSSAI द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार इन कंपनियों को नोटिस भेजा गया है:

  1. Emami Healthy & Tasty (इमामी ग्रुप की कुकिंग ऑयल इकाई)
  2. Plan B (प्लांट-बेस्ड वीगन उत्पाद)
  3. The Healthy Factory (बेकरी उत्पाद)
  4. Neuherbs (हेल्थ सप्लीमेंट्स)
  5. Troovy
  6. Healthy Master
  7. Healthy Choice
  8. Health Aid

FSSAI के मुताबिक, इन कंपनियों द्वारा धड़ल्ले से इस्तेमाल किए जा रहे कुछ विशिष्ट ब्रांड नाम, आकर्षक टैगलाइन और पैकेट के लेबल पर छपे दावे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का स्पष्ट रूप से उल्लंघन करते हैं।

इमामी के ‘हेल्दी’ और प्लान बी के ‘वीगन’ दावों पर उठे गंभीर सवाल

कोलकाता स्थित प्रतिष्ठित इमामी ग्रुप की कुकिंग ऑयल इकाई ‘Emami Healthy & Tasty’ का ट्रेड नेम (व्यापारिक नाम) इस समय जांच के घेरे में है। FSSAI का मानना है कि कंपनी का यह नाम उपभोक्ताओं को तेल के स्वास्थ्य लाभों को लेकर जरूरत से ज्यादा प्रभावित या भ्रमित कर सकता है। वहीं, ‘Plan B’ कंपनी के ‘प्लांट बेस्ड वीगन’ होने के दावे पर भी नियामक ने उंगली उठाई है। FSSAI का कहना है कि कंपनी ने अपनी मार्केटिंग से बाजार में यह प्रभाव पैदा किया कि उसके उत्पाद पूरी तरह वीगन हैं, जबकि इसके लिए जो आवश्यक और अनिवार्य अनुमोदन होना चाहिए, वह कंपनी के FSSAI लाइसेंस में दर्ज ही नहीं है।

‘Zero Maida’ के नाम पर खेल! ग्लूटेन होने के बावजूद गुमराह करने का आरोप

बेकरी सेक्टर में काम करने वाली कंपनी ‘The Healthy Factory’ के दो मुख्य उत्पादों ‘Zero Maida Whole Wheat Bread’ और ‘Zero Maida Pizza Base’ को भी भ्रामक पाया गया है। FSSAI की जांच में सामने आया कि इन उत्पादों में ‘गेहूं ग्लूटेन’ और अन्य सामग्रियां मौजूद हैं, जिसके बाद भी ‘जीरो मैदा’ का बड़ा दावा करना उपभोक्ताओं को धोखे में रखने जैसा है। इसके अलावा, ‘Neuherbs’ कंपनी के ‘True Vitamin’ ब्रांड नाम को भी नियमों के खिलाफ माना गया है। नियामक का स्पष्ट कहना है कि ‘ट्रू विटामिन’ जैसी शब्दावली FSSAI के मानकों में कहीं भी परिभाषित नहीं है, जिससे ग्राहकों के बीच उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर गलत धारणा बन सकती है। इसके साथ ही Troovy, Healthy Master, Healthy Choice और Health Aid के नामों और उनकी टैगलाइनों को भी भ्रामक श्रेणी में डाला गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *