वाराणसी की रामनगर रामलीला में हाथी बेकाबू, महावत गंभीर रूप से घायल; गोरखपुर से बुलाई गई विशेषज्ञ टीम

Knews Desk– वाराणसी के रामनगर स्थित पंचवटी मैदान में रविवार सुबह रामलीला में शामिल एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया। हाथी ने अपने महावत पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर मैदान की ओर जाने वाले रास्तों को सील कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11 बजे हाथी अचानक उग्र हो गया और उसने महावत को पटक दिया। घायल महावत को तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इंस्पेक्टर संजय मिश्रा के अनुसार, हाथी को एक जगह रोके रखने के लिए उसके सामने लगातार गन्ने डाले जा रहे हैं, ताकि वह शांत रहे और आगे न बढ़े।

स्थानीय वन विभाग के पास हाथी को बेहोश करने या नियंत्रित करने के पर्याप्त उपकरण नहीं होने के कारण गोरखपुर से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है। पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं। पंचवटी मैदान की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। हाथी को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

रामनगर की रामलीला करीब 200 साल पुरानी ऐतिहासिक परंपरा का हिस्सा है। इसमें काशी नरेश का परिवार और प्रमुख पात्र पारंपरिक रूप से हाथी की सवारी करते हैं। रविवार को रामलीला में ‘रावण युद्ध’ का महत्वपूर्ण मंचन होना है। ऐसे में आयोजन से ठीक पहले हाथी के बेकाबू होने की घटना ने आयोजकों और प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *