अहमदाबाद स्टेशन पर आधी रात पहुंचे DRM वेद प्रकाश, यात्रियों से किया सीधा संवाद

दिवाली और छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अहमदाबाद मंडल के DRM वेद प्रकाश देर रात तक ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहे। उन्होंने रेलवे स्टेशन और विशेष होल्डिंग एरिया में पहुंचकर यात्रियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Knews Desk- पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को अहमदाबाद से करीब 2 लाख यात्रियों ने रेल यात्रा की, जिनमें 40 हजार से अधिक अनारक्षित यात्री मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों के लिए रवाना हुए।

DRM वेद प्रकाश ने विशेष होल्डिंग एरिया में पहुंचकर यात्रियों से सीधे संवाद किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए अगले कुछ घंटों में स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने यात्रियों से कतारबद्ध और व्यवस्थित तरीके से ट्रेनों में सवार होने तथा सुरक्षित यात्रा के लिए रेल प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

पिछले साल गुजरात के कुछ स्टेशनों पर अचानक बढ़ी भीड़ को देखते हुए इस बार रेलवे ने विशेष तैयारियां की हैं। शुक्रवार को पिछले साल की तुलना में 7 हजार से अधिक अतिरिक्त अनारक्षित यात्रियों ने रेल यात्रा की। यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष होल्डिंग एरिया, कतारबद्ध बोर्डिंग, अतिरिक्त रेल सेवाएं, यात्री मार्गदर्शन और प्रभावी भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की गई है।

होल्डिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा के लिए चौबीसों घंटे अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। रेलवे अधिकारी यात्रियों से लगातार संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करने और यात्रा को सुगम बनाने में जुटे हैं। इस दौरान यात्रियों ने DRM वेद प्रकाश के साथ ‘छठ मइया की जय’ का जयघोष भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *