डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का बड़ा ऐलान, यूपी के हर जिले को मिलेगा मेडिकल कॉलेज

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश सरकार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा है कि सरकार का लक्ष्य हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करना है, ताकि लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकें।

एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर कैंसर इंस्टीट्यूट भी स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा कैंसर मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवासीय व्यवस्थाएं विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार निवेश कर रही हैं, जिसका उद्देश्य आम लोगों तक आधुनिक और सुलभ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है। उनके अनुसार, बीते वर्षों में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और जनकल्याण से जुड़े क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जिनका लाभ देशभर के लोगों को मिल रहा है।

अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े दान राशि विवाद पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को अपने-अपने चंदे और धनराशि के उपयोग को लेकर पारदर्शिता बनाए रखनी चाहिए।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, प्रभारी मंत्री सुरेश राही सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।