Knews Desk– कांग्रेस की केरल इकाई के आधिकारिक एक्स अकाउंट से मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के खिलाफ की गई पोस्ट पर विवाद बढ़ने के बाद पार्टी ने उसे हटा दिया है। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पोस्ट के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को पद से हटाने की जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने इस मामले को लेकर कांग्रेस की आलोचना की है।
कांग्रेस की केरल इकाई के आधिकारिक एक्स अकाउंट से भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के खिलाफ की गई एक पोस्ट सोमवार को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुई। पोस्ट को लेकर आलोचना होने के बाद इसे हटा दिया गया। इसके साथ ही पार्टी ने पोस्ट करने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे पद से हटा दिया।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विवादित पोस्ट पार्टी के आधिकारिक एक्स अकाउंट से की गई थी, लेकिन यह केपीसीसी नेतृत्व की जानकारी, सहमति या परामर्श के बिना प्रकाशित हुई थी। जोसेफ ने कहा कि पार्टी इस बात की जांच करेगी कि किन परिस्थितियों में यह पोस्ट की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायपालिका की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस को कोई असहमति नहीं है। सोशल मीडिया पर व्यक्त किए गए विचारों को केपीसीसी नेतृत्व का आधिकारिक रुख नहीं माना जाना चाहिए।
इस मामले पर केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने हटाई गई पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी कि न्यायपालिका कांग्रेस का अगला निशाना होगी। रीजीजू ने एक्स पर लिखा कि कांग्रेस भारत के सभी संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थानों को नष्ट करना चाहती है। उन्होंने कहा कि सभी भारत-विरोधी गिरोह एकजुट हो रहे हैं और सभी देशभक्त भारतीय भी एकजुट होंगे।