प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत मामले में SIT जांच की मांग

KNEWS DESK- संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत के मामले में एसआइटी जांच की मांग की गई है। सामाजिक कार्यकर्ता और अधिवक्ता प्रहलाद कृष्ण शुक्ला ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर मामले की जांच एसआइटी से कराने की मांग की है।

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित नर्मदा बस्ती फरहदुली निवासी दीपक लोधी करीब दो वर्ष पहले वृंदावन आए थे। यहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली और अपना नाम बदलकर रसिक दुलारी शरण रख लिया था। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे उन्होंने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि इससे पहले उन्होंने कमरे में ग्राइंडर से अपना गुप्तांग काट लिया था। हालांकि, उनके स्वजन ने उनकी मौत को आत्महत्या मानने से इनकार किया है।

अधिवक्ता प्रहलाद कृष्ण शुक्ला के अनुसार, रसिक दुलारी शरण की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर सात स्थानों पर चोट के निशान मिले हैं। उनके गुप्तांग भी कटे हुए थे। रिपोर्ट में अधिक रक्तस्राव को मृत्यु का कारण बताया गया है।

उन्होंने कहा कि संत प्रेमानंद महाराज और श्रीहित राधाकेलि कुंज ट्रस्ट की ओर से अभी तक इस मामले में किसी व्यक्ति का बयान सामने नहीं आया है। इसे उन्होंने संदेहास्पद बताया। वहीं, स्वजन ने पुलिस को शिकायत देकर आत्महत्या की बात से इनकार किया है और मामले में बड़ी साजिश की आशंका जताई है। इसी को देखते हुए पूरे प्रकरण की एसआइटी जांच की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *