KNEWS DESK- दिवाली के मौके पर दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने 8 नवंबर 2026, रविवार को मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया है। दिवाली की शाम होने वाले समारोह और त्योहार को देखते हुए सभी मेट्रो लाइनों पर आखिरी ट्रेन सामान्य समय रात 11 बजे के बजाय रात 10 बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी। इस बदलाव में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है।
DMRC के अनुसार, यह बदलाव यात्रियों की सुविधा और त्योहार के दौरान परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए किया गया है। आम दिनों में रात 11 बजे टर्मिनल स्टेशनों से चलने वाली आखिरी ट्रेनें दिवाली के दिन एक घंटे पहले यानी रात 10 बजे रवाना होंगी। ऐसे में रात में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदले हुए समय के अनुसार बनानी होगी, ताकि आखिरी ट्रेन छूटने से बचा जा सके।
वहीं, दिवाली के दिन तीन मेट्रो लाइनों पर सुबह की सेवा सामान्य समय से एक घंटे पहले शुरू होगी। DMRC के मुताबिक, पिंक लाइन, मैजेंटा लाइन और ग्रे लाइन पर रविवार को सुबह 7 बजे के बजाय सुबह 6 बजे से मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी। यह व्यवस्था इन लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से लागू होगी। इससे सुबह जल्दी यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
हालांकि, अन्य मेट्रो लाइनों पर सुबह की सेवाएं सामान्य समय सारिणी के अनुसार ही संचालित होंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि दिवाली के दिन मेट्रो से यात्रा करने से पहले बदली हुई टाइमिंग को ध्यान में रखें। खासकर रात में सफर करने वालों को अंतिम ट्रेन के समय का विशेष ध्यान रखना होगा।
दिवाली पर बाजारों, पूजा स्थलों और अन्य कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और रात 10 बजे से पहले टर्मिनल स्टेशन पहुंचें। DMRC ने यात्रियों से बदले हुए समय के अनुसार यात्रा करने की अपील की है।