Knews Desk– असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने चुनाव आयोग और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। सरमा ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उनका कहना है कि कांग्रेस लगातार आरोप लगा रही थी कि मुख्य चुनाव आयुक्त अकेले फैसले ले रहे हैं, जबकि चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि SIR से जुड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए।
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि अब राहुल गांधी और कांग्रेस के लिए देश की जनता से माफी मांगने का समय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठाए और कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने अकेले फैसले लिए। सरमा के मुताबिक, अब पूरे आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए।
असम के मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि कांग्रेस ने किस आधार पर चुनाव आयोग पर आरोप लगाए और लोगों के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश क्यों की। उन्होंने राहुल गांधी पर लगातार विभिन्न संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप भी लगाया। सरमा ने कांग्रेस से अपनी चुनावी हार के कारणों पर विचार करने को कहा। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी कांग्रेस चुनाव हार गई थी, जबकि उस समय का चुनाव आयोग तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार के दौरान नियुक्त हुआ था।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह विचार करना चाहिए कि लोग कांग्रेस को बार-बार क्यों नकार रहे हैं। सरमा के मुताबिक, कांग्रेस अपनी हार की समीक्षा करने के बजाय चुनाव आयोग और अन्य संस्थाओं पर सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी को उन राज्यों में जाकर हार के कारणों की समीक्षा करनी चाहिए।