KNEWS DESK- तमिलनाडु की राजनीति में तेजी से उभरते नेता और राज्य के नए मुख्यमंत्री विजय आज अपने पहले आधिकारिक दिल्ली दौरे पर रवाना हो रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी राजधानी दिल्ली की पहली यात्रा है, जिसे राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विजय की मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से हो सकती है। इन बैठकों में तमिलनाडु के लिए वित्तीय सहायता, लंबित आवंटन और कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को मंजूरी दिलाने पर चर्चा होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री विजय केंद्र सरकार के सामने राज्य की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, औद्योगिक विकास योजनाओं, कनेक्टिविटी सुधार और विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए अतिरिक्त सहयोग की मांग रखेंगे। सरकार का मानना है कि ये परियोजनाएं तमिलनाडु की आर्थिक प्रगति के लिए बेहद जरूरी हैं।
राजनीतिक रूप से भी यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में विजय की पार्टी टीवीके ने बड़ा प्रदर्शन किया था। 234 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सभी को चौंका दिया था, हालांकि बहुमत के आंकड़े से वह पीछे रह गई थी।
इसके बाद कांग्रेस, वाम दलों, आईयूएमएल और वीसीके जैसे कई दलों के समर्थन से टीवीके ने गठबंधन सरकार का गठन किया। इस तरह तमिलनाडु में कई वर्षों बाद एक नई राजनीतिक समीकरण वाली सरकार बनी है, जिसने राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया है।
विजय का यह पहला दिल्ली दौरा न केवल केंद्र और राज्य के रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है, बल्कि इसे उनकी राजनीतिक सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के पहले बड़े टेस्ट के रूप में भी देखा जा रहा है।
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री विजय आज ही दिल्ली पहुंचकर मुलाकातें पूरी करेंगे और उसी दिन चेन्नई लौट सकते हैं।