Knews Desk- दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA ब्लॉक की ओर से रैली आयोजित की जा रही है। इस रैली में विपक्षी दलों के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिव्यू (SIR) को लेकर विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है। इसी मुद्दे पर होने वाली रैली से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई थी।CJP ने भी कथित चुनावी गड़बड़ियों और SIR के मुद्दे पर देशभर में विरोध प्रदर्शन किए हैं। पार्टी को कई नेताओं का समर्थन भी मिला है। ऐसे में सवाल उठ रहा था कि क्या CJP भी INDIA ब्लॉक के साथ रामलीला मैदान में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होगी। अब पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इस सवाल का जवाब दे दिया है।
अभिजीत दीपके ने शनिवार को दिल्ली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान उनसे रविवार को होने वाली INDIA ब्लॉक की रैली में CJP की भागीदारी को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर दीपके ने स्पष्ट किया कि संगठन इस मुद्दे का समर्थन करता है, लेकिन औपचारिक रूप से प्रदर्शन में शामिल नहीं होगा।दीपके ने कहा, “संगठन इस मुद्दे का समर्थन करता है, लेकिन औपचारिक रूप से प्रदर्शन में शामिल नहीं होगा। हम कल के विरोध का समर्थन करते हैं और इसके साथ खड़े हैं। हालांकि कॉकरोच जनता पार्टी एक स्वतंत्र संगठन और एक न्यूट्रल प्लेटफॉर्म है। हम उस पहचान को बनाए रखना चाहते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि CJP उन सभी संगठनों का समर्थन करेगी, जो कथित चुनावी गड़बड़ियों के खिलाफ लड़ रहे हैं। इसके लिए संगठन किसी भी राजनीतिक दल से उनके जुड़ाव के आधार पर भेदभाव नहीं करेगा। दीपके ने कहा, “जो कोई भी वोट चोरी के खिलाफ लड़ेगा, उसे हमारा समर्थन मिलेगा। हम सभी संगठनों का समर्थन करेंगे।”उनके इस बयान से स्पष्ट है कि CJP चुनावी गड़बड़ियों के खिलाफ उठाए जा रहे मुद्दों पर अपना समर्थन जारी रखेगी, लेकिन INDIA ब्लॉक की रैली में औपचारिक भागीदारी नहीं करेगी। पार्टी ने अपनी स्वतंत्र पहचान और निष्पक्ष मंच की छवि बनाए रखने पर जोर दिया है।
ममता बनर्जी ने की अभिजीत दीपके की तारीफ
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रविवार को होने वाली INDIA ब्लॉक की रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली में हैं। उन्होंने वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिव्यू (SIR) और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके तथा युवा कार्यकर्ताओं की भूमिका की तारीफ की।SIR और कथित चुनावी गड़बड़ियों का मुद्दा विपक्षी दलों के विरोध का प्रमुख विषय बना हुआ है। INDIA ब्लॉक की रामलीला मैदान में होने वाली रैली को इसी मुद्दे पर विपक्ष के प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, CJP ने साफ कर दिया है कि वह इस मुद्दे पर अपना समर्थन जारी रखेगी, लेकिन किसी गठबंधन की रैली में औपचारिक रूप से शामिल होने के बजाय एक स्वतंत्र संगठन के रूप में अपनी भूमिका निभाएगी।