Knews Desk– मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में मौत की सजा पाने वाली मुस्कान अब अदालत के फैसले को चुनौती देने की तैयारी में है। जेल प्रशासन ने उसे सरकारी वकील उपलब्ध कराने के लिए स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी को पत्र लिखा है। सरकारी वकील मिलने के बाद अपील दाखिल करने की आगे की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड में जिला अदालत द्वारा मौत की सजा सुनाए जाने के बाद मुस्कान के अगले कानूनी कदम को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जेल में बंद मुस्कान ने फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करने की इच्छा जाहिर की है। इसी के मद्देनजर जेल प्रशासन ने उसे कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, मुस्कान ने जेल से ही अदालत के फैसले को चुनौती देने की बात कही है। इसके बाद सरकारी वकील उपलब्ध कराने के लिए स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी को पत्र भेजा गया है। जेल प्रशासन के अनुसार, मुस्कान ने अभी तक अपने परिजनों को कोई पत्र नहीं लिखा है।
सौरभ राजपूत हत्याकांड ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। मामले में मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या की साजिश रची थी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को नीले ड्रम में रखकर सीमेंट से जमा दिया गया था। इस मामले में अदालत ने मुस्कान को मौत की सजा सुनाई है। सजा के खिलाफ अपील करना कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है। अब सरकारी वकील उपलब्ध होने के बाद अपील दाखिल करने की कार्रवाई आगे बढ़ सकती है। संबंधित अदालत में सुनवाई के बाद ही सजा को लेकर आगे का फैसला होगा।
इस बीच, पति की हत्या के मामले में जेल में बंद रविता और उसके प्रेमी अमरदीप का मामला भी चर्चा में है। फिलहाल मुस्कान की अपील की प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।