बिहार MLC चुनाव: JDU ने जारी की 4 उम्मीदवारों की लिस्ट, नीरज कुमार समेत इन्हें मिला टिकट

KNEWS DESK – बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड ने बुधवार को अपने चार उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी अधिसूचना में पटना स्नातक, तिरहुत स्नातक, सारण शिक्षक और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं।

जेडीयू की ओर से जारी सूची के मुताबिक, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है। तिरहुत स्नातक सीट से अभिषेक झा, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय पार्टी के प्रत्याशी होंगे।

सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर रही है। नीरज कुमार को दोबारा उम्मीदवार बनाए जाने से पार्टी ने इस सीट पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। इस सीट को लेकर जेडीयू के नेता अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच मतभेद की खबरें भी सामने आई थीं।

बिहार विधान परिषद की कुल आठ सीटों पर चुनाव होना है, जिनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।

जेडीयू ने फिलहाल चार सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। बाकी सीटों पर एनडीए के अन्य सहयोगी दलों की ओर से प्रत्याशियों के नाम सामने आने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *