साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक निकली शोभायात्रा में दिखे रामायण के प्रसंग, देश के अलग-अलग राज्यों के लोक रंग ने बांधा समां
Knews Desk- दीपोत्सव के मौके पर शनिवार को अयोध्या पूरी तरह राममय नजर आई। साकेत महाविद्यालय से रामपथ होते हुए रामकथा पार्क तक भगवान राम और माता सीता की भव्य झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।
ढोल-नगाड़ों की गूंज, पारंपरिक नृत्य और कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच निकली शोभायात्रा ने श्रद्धालुओं और दर्शकों का मन मोह लिया। रामपथ पर झांकियों के जरिए रामायण के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंजता रहा।
शोभायात्रा में भगवान राम, बजरंगबली और रावण समेत कई पौराणिक स्वरूपों में कलाकार नजर आए। भगवान राम के स्वरूप ने अयोध्या के कण-कण में राम के बसे होने का संदेश दिया, जबकि बजरंगबली के स्वरूप में कलाकारों ने जय श्री राम के उद्घोष किए। रावण के रूप में सजे कलाकार ने ‘हर हर महादेव’ का उद्घोष कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकारों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बिहार के कलाकारों ने भगवान राम और माता सीता के भजनों की प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के जरिए बिहार में दीपावली के सातवें दिन मनाए जाने वाले लोक आस्था के महापर्व छठ का संदेश भी दिया गया।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अयोध्या एक बार फिर इतिहास रचने की कगार पर है और दीपोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि भव्य झांकियों के साथ अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन हो रहा है और रामनगरी एक बार फिर इतिहास रचेगी।