Asian Games 2026: महिला हॉकी में भारत का धमाका, उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया

Knews Desk- भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए उज्बेकिस्तान को 19-0 से शिकस्त दी। दीपिका सेहरावत ने अकेले 8 गोल दागकर नया भारतीय रिकॉर्ड बनाया।

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने धमाकेदार आगाज किया। भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 के बड़े अंतर से हराया। मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा शुरुआत से ही देखने को मिला और उज्बेकिस्तान की टीम पूरे मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी। इस जीत की सबसे बड़ी स्टार दीपिका सेहरावत रहीं। उन्होंने अकेले 8 गोल दागे और महिला हॉकी में एक मैच में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। दीपिका ने 8वें, 22वें, 25वें, 33वें, 36वें, 38वें, 41वें और 54वें मिनट में गोल किए।

भारत की ओर से इशिका ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई। उन्होंने 11वें, 42वें और 54वें मिनट में गोल किए। नवनीत कौर ने दो, जबकि लठंतलुआंगी ने भी दो गोल दागे। इसके अलावा लालरेम्सियामी, बलजीत कौर, नेहा गोयल और साक्षी राणा ने एक-एक गोल किया। इस तरह भारत ने कुल 19 गोल किए और मुकाबले को एकतरफा बना दिया।

हालांकि, 19-0 की जीत भारतीय महिला हॉकी टीम की सबसे बड़ी जीत नहीं है। टीम ने 2016 साउथ एशियन गेम्स में नेपाल के खिलाफ 24 गोल किए थे। एशियन गेम्स में भारत का सर्वाधिक स्कोर 1982 में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 22 गोल का रहा है। वहीं 2018 एशियन गेम्स में भारत ने कजाखस्तान को 21-0 से हराया था। 19-0 की इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *