Knews Desk– केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को अहमदाबाद के साबरमती रेलवे स्टेशन पर विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वह देश की पहली LNG ड्यूल-फ्यूल ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। ट्रेन के ड्राइविंग पावर कार (DPC) में पहली बार LNG आधारित ड्यूल-फ्यूल प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है।
इस तकनीक के तहत एक ही इंजन LNG और डीजल दोनों ईंधनों पर चल सकता है। रेलवे का उद्देश्य पारंपरिक डीजल ईंधन पर निर्भरता कम करना, परिचालन लागत घटाना और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करना है। इसके लिए रेलवे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के इस्तेमाल पर जोर दे रहा है।
अहमदाबाद रेल मंडल ने साबरमती रेलवे स्टेशन पर लोकार्पण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली हैं। केंद्रीय मंत्री अमित शाह स्टेशन के विकास कार्यों का लोकार्पण करने के साथ LNG से संचालित ट्रेन को रवाना करेंगे। इससे पहले वह रेलवे लोको इंजन के रखरखाव के लिए शुरू किए जाने वाले WAG-12 मेंटेनेंस शेड का उद्घाटन भी करेंगे।
इस परियोजना के तहत 1400 हॉर्स पावर क्षमता वाले दो DPC को LNG ड्यूल-फ्यूल प्रणाली में परिवर्तित किया गया है। रेलवे के अनुसार, दोनों DPC पर 2,000 किलोमीटर से अधिक का फील्ड ट्रायल पूरा किया जा चुका है। फील्ड ट्रायल के दौरान LNG ड्यूल-फ्यूल तकनीक के प्रदर्शन, विश्वसनीयता और परिचालन क्षमता का आकलन किया गया। रेलवे के मुताबिक, इस परियोजना के जरिए वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और भविष्य में रेल परिचालन को अधिक ऊर्जा-कुशल बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
LNG ड्यूल-फ्यूल प्रणाली में इंजन जरूरत के अनुसार LNG और डीजल का इस्तेमाल कर सकता है। इससे रेलवे के ईंधन विकल्पों में विस्तार होने के साथ पारंपरिक डीजल पर निर्भरता कम करने की दिशा में कदम आगे बढ़ेगा।