दिल्ली BJP मुख्यालय में अमित शाह की बड़ी बैठक, PM मोदी के 25 साल के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा

Knews Desk – दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में मंगलवार शाम पार्टी की बड़ी बैठक होने वाली है। बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, विनोद तावड़े समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी और आगे की रणनीति पर मंथन होगा।

बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को चिह्नित करने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया है। इस अभियान के तहत देशभर में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, जनसंपर्क कार्यक्रम, पदयात्रा और अन्य गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर संवैधानिक पद संभाला था। अक्टूबर 2026 में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे हो रहे हैं। इसी के मद्देनजर बीजेपी की ओर से एक महीने तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

23 सितंबर से केंद्रीय मंत्रियों की चिंतन बैठक

इस बैठक के बाद 23 और 24 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रियों की दो दिवसीय चिंतन बैठक भी प्रस्तावित है। यह बैठक सेवा तीर्थ में होगी। इसमें सरकारी योजनाओं की प्रगति, नीतियों के क्रियान्वयन, मंत्रालयों के बीच तालमेल और पब्लिक सर्विस डिलीवरी समेत शासन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *