यूपी की सियासी पिच पर आकाश आनंद की एंट्री, योगी सरकार को घेरा, अखिलेश-राहुल पर कसा तंज

Knews Desk– उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है और पार्टी की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद करीब दो साल बाद फिर यूपी की सियासी पिच पर सक्रिय नजर आए। हाथरस के सादाबाद से अभियान की शुरुआत करते हुए आकाश आनंद ने योगी सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए उन्हें ‘अंकल’ बताया।आकाश आनंद ने अपने भाषण में योगी सरकार के पिछले 10 साल के कामकाज पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने अपनी कमियों को छिपाने के लिए बड़े पैमाने पर विज्ञापन और प्रचार पर सरकारी पैसे खर्च किए। आकाश आनंद के मुताबिक, जनता के टैक्स से मिले पैसे का इस्तेमाल सरकार की उपलब्धियों के प्रचार में किया गया, जबकि आम लोगों से जुड़े कई मुद्दे अब भी बने हुए हैं।

उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में बीजेपी सरकार ने करीब 7 हजार करोड़ रुपये प्रचार पर खर्च किए। आकाश आनंद ने कहा कि अगर यही पैसा प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं के रोजगार पर लगाया जाता तो बड़ी संख्या में युवाओं को फायदा मिल सकता था। उन्होंने पेपर लीक, सरकारी नौकरियों और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार को घेरा।आकाश आनंद ने कानून व्यवस्था और शिक्षा के मुद्दे पर भी योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने झांसी के अस्पताल में बच्चों की मौत का जिक्र करते हुए सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल उठाया। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में सरकारी पद खाली हैं और उन्हें भरने की दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। उनका आरोप था कि सरकार विज्ञापनों पर पैसा खर्च कर रही है, लेकिन युवाओं को रोजगार देने और परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने पर उतना ध्यान नहीं दिया जा रहा।

शिक्षा के मुद्दे पर भी बसपा नेता ने सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 25 हजार से ज्यादा सरकारी स्कूल बंद किए गए हैं। आकाश आनंद ने कहा कि इन स्कूलों में समाज के बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ते थे। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही बीजेपी एक बार फिर नए वादों के साथ जनता के बीच जाएगी, लेकिन इस बार जनता को पिछले 10 साल का हिसाब मांगना चाहिए।आकाश आनंद ने अपने भाषण में विपक्षी नेताओं पर भी तंज कसा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर उनके ‘अंकल’ वाले बयान ने राजनीतिक चर्चा को और तेज कर दिया। आकाश आनंद का यह अंदाज उनके पुराने आक्रामक राजनीतिक तेवर की वापसी के तौर पर देखा जा रहा है।

दरअसल, बसपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। पार्टी ने आकाश आनंद को चुनावी अभियान की कमान सौंपी है। सादाबाद से शुरुआत के बाद उनकी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सभाएं और कार्यकर्ता सम्मेलन प्रस्तावित हैं। 25 अगस्त को जेवर में भी बड़ी जनसभा प्रस्तावित है। ऐसे में आने वाले दिनों में आकाश आनंद के जरिए बसपा बीजेपी के साथ-साथ सपा और कांग्रेस पर भी अपना हमला तेज कर सकती है।आकाश आनंद ने कार्यकर्ताओं से बसपा को मजबूत करने और आगामी चुनाव में पूरी ताकत से जुटने की अपील की। उन्होंने मायावती के नेतृत्व का जिक्र करते हुए पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक को एकजुट करने का संदेश दिया। अब देखना होगा कि 2027 की चुनावी जंग में बसपा आकाश आनंद के आक्रामक तेवरों के जरिए यूपी की राजनीति में कितनी मजबूत वापसी कर पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *