KNEWS DESK- अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट को अपना पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मिल गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को हुई अहम बैठक में एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति को मंजूरी दे दी गई। वह ट्रस्ट के पहले CEO के तौर पर मंदिर से जुड़े प्रशासनिक और प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र मिश्रा राम मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था, सुरक्षा, वित्तीय प्रबंधन और श्रद्धालुओं के दर्शन से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब राम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं का दायरा भी विस्तार ले रहा है। एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में लंबा और महत्वपूर्ण कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। वह इसी साल 30 अप्रैल को करीब 39 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। रिटायरमेंट से पहले वह भारतीय वायुसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख के पद पर तैनात थे।
3 हजार घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव
जितेंद्र मिश्रा के पास करीब 3 हजार घंटे की उड़ान का अनुभव है। अपने सैन्य करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और विभिन्न अभियानों में भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा टाइगर हिल और सफेद सागर ऑपरेशन के दौरान भी उनकी अहम भूमिका रही थी। सैन्य सेवा के दौरान उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें राम मंदिर ट्रस्ट के CEO की जिम्मेदारी के लिए चुना गया है।
CEO पद के लिए तीन नामों का पैनल
राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के चयन के लिए तीन सदस्यीय खोज समिति का गठन किया गया था। रिटायर जज प्रमोद कोहली की अगुवाई वाली समिति में रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और पूर्व वैज्ञानिक सुरेश हवारे शामिल थे। समिति ने मंगलवार को ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि को तीन नामों का पैनल सौंपा था। इन नामों पर ट्रस्ट की बैठक में चर्चा के बाद एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर सहमति बनी।
समिति ने उम्मीदवारों के चयन के दौरान संस्थागत नेतृत्व, प्रबंधन विशेषज्ञता, ईमानदारी और दूरदर्शिता जैसे मानकों को आधार बनाया था। इसके बाद ट्रस्ट ने जितेंद्र मिश्रा को अपना पहला CEO नियुक्त करने का फैसला किया।
प्रशासन से लेकर श्रद्धालुओं की व्यवस्था तक जिम्मेदारी
CEO के तौर पर जितेंद्र मिश्रा की जिम्मेदारी काफी व्यापक होगी। उन्हें मंदिर के प्रशासनिक कामकाज के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था, वित्तीय प्रबंधन और श्रद्धालुओं के दर्शन से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। राम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और सुविधाओं का सुचारू संचालन ट्रस्ट के लिए लगातार महत्वपूर्ण विषय बना हुआ है। ऐसे में लंबे प्रशासनिक और नेतृत्व अनुभव वाले जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति को अहम फैसला माना जा रहा है।