Agra Building Collapse Video: लगातार बारिश के बीच आगरा के बेलनगंज में करीब 120 साल पुरानी दो मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के दौरान सड़क पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, मलबे में एक स्कूटी दबकर क्षतिग्रस्त हो गई।
Knews Desk- आगरा में लगातार हो रही बारिश ने पुराने और जर्जर मकानों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को थाना छत्ता क्षेत्र के बेलनगंज बाजार में करीब 120 साल पुरानी दो मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत के गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई और कोई व्यक्ति घायल भी नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक, बेलनगंज में स्थित यह पुराना मकान संदीप जैन का बताया जा रहा है। काफी समय से यह इमारत खाली पड़ी थी और पहले से ही जर्जर हालत में थी। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण इसकी दीवारों और नींव पर असर पड़ा। इसी बीच शुक्रवार को अचानक इमारत का अगला हिस्सा सड़क की ओर गिर गया।
इमारत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही कम थी, जिसके चलते किसी बड़े हादसे की स्थिति नहीं बनी।
मलबे में दब गई स्कूटी
इमारत का मलबा सड़क पर फैल गया। इसी मलबे की चपेट में वहां खड़ी एक स्कूटी भी आ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इमारत के गिरने का पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इसके अलावा मौके पर मौजूद लोगों ने भी घटना का वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। किसी तरह की दूसरी घटना न हो, इसके लिए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। व्यस्त बेलनगंज बाजार की ओर जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक को भी डायवर्ट कर दिया गया।
नगर निगम की टीम जेसीबी की मदद से सड़क पर पड़े मलबे को हटाने में जुटी है। अधिकारियों ने आसपास मौजूद अन्य पुराने और जर्जर भवनों को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
लगातार बारिश के बीच इस तरह पुराने मकान के गिरने की घटना ने शहर के जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन के सामने अब ऐसे भवनों की पहचान कर समय रहते जरूरी कार्रवाई करने की चुनौती है।