प्रयागराज MLC चुनाव: दोपहर 12 बजे तक 9.54% मतदान, सुबह रही धीमी शुरुआत

प्रयागराज में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ। शुरुआती दो घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन इसके बाद इसमें तेजी आई। दोपहर 12 बजे तक 9.54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

Knews Desk- उत्तर प्रदेश में विधान परिषद चुनाव के तहत प्रयागराज में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को मतदान कराया जा रहा है। जिले के 152 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हुई। इस चुनाव में जिले के कुल 1,15,019 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं।

मतदान के शुरुआती चरण में मतदाताओं की भागीदारी कम रही। सुबह 8 बजे से 10 बजे तक केवल 2.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इसके बाद मतदान की गति में बढ़ोतरी हुई और दोपहर 12 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 9.54 पहुंच गया।

मतदान केंद्रों के आसपास विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिविर लगाए। यहां मतदाताओं को बुलाकर मतदाता सूची में उनके नाम तलाशने में मदद की गई। साथ ही मतदान पर्चियां भी वितरित की गईं। इस दौरान कुछ मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम नहीं मिलने और अन्य त्रुटियों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मतदाताओं ने इन समस्याओं को लेकर कंट्रोल रूम में शिकायतें भी दर्ज कराईं।

वहीं, मतदान प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *