knews desk – दिल्ली के सत्य निकेतन में PG की इमारत गिरने की घटना को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला. कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर हादसे को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार का एक तय पैटर्न बन गया है. उनके मुताबिक, हादसों से पहले रोकथाम पर ध्यान नहीं दिया जाता और घटना के बाद बयानबाजी शुरू हो जाती है. उन्होंने कहा कि इसके बाद कुछ छोटे अधिकारियों पर जिम्मेदारी डाल दी जाती है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोग जवाबदेही से बच जाते हैं.
‘सत्य निकेतन कोई अकेली त्रासदी नहीं’
राहुल गांधी ने कहा कि सत्य निकेतन में छात्रों से भरी इमारत का गिरना कोई अकेली घटना नहीं है. उन्होंने पिछले कुछ महीनों में दिल्ली में हुई अन्य घटनाओं का भी जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि सैदुलाजाब में ऐसी ही एक त्रासदी में छह लोगों की मौत हुई, जबकि हौज रानी में आग लगने से 22 लोगों की जान चली गई. राहुल के मुताबिक, हर बार लोगों की जिंदगियां और उनके सपने मलबे में दब जाते हैं, लेकिन कार्रवाई नजर नहीं आती.
राहुल गांधी ने सरकार पर सवाल उठाने वालों को कथित तौर पर अपमानजनक नाम दिए जाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जवाबदेही मांगने वालों को शर्मिंदा और बदनाम करने की कोशिश की जाती है.
‘लाचारी नीयत की है’
राहुल गांधी ने दिल्ली की सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यहां ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार है, फिर भी सरकार किस बात को लेकर लाचार है? उन्होंने कहा कि लाचारी नीयत की है, क्योंकि जहां नीयत नहीं होती, वहां जवाबदेही भी नहीं होती.
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दिल्ली में बार-बार इमारतों, आग और अन्य हादसों में लोगों की जान जा रही है, लेकिन सरकार की ओर से स्थायी समाधान के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.
सत्य निकेतन हादसे में सात लोगों की मौत के बाद कांग्रेस ने घटना के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पार्टी ने छात्रों के लिए सस्ती और सुरक्षित रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराने की भी मांग की.
कांग्रेस की ओर से हॉस्टल और PG के लिए रेंट कंट्रोल एक्ट लाने की मांग भी की गई है. इसके अलावा हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग रखी गई.
कन्हैया कुमार ने भी सरकार को घेरा
NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भी सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि हादसे के 24 घंटे बाद भी कई सवालों के जवाब स्पष्ट नहीं हैं और मलबा पूरी तरह साफ नहीं हुआ है.
कन्हैया कुमार ने दावा किया कि PG में करीब 45 बेड थे और हादसे के समय वहां बड़ी संख्या में छात्र मौजूद हो सकते थे. उन्होंने प्रशासन पर राहत और बचाव कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया.
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में पहले भी कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी और अन्य जगहों पर आग जैसी घटनाओं में छात्रों की जान गई है. पार्टी ने सवाल उठाया कि ऐसी घटनाओं की जिम्मेदारी और जवाबदेही आखिर कब तय होगी.