KNEWS DESK- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, कथित वोट चोरी और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ आज से INDIA ब्लॉक का ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ शुरू हो गया है। यह मार्च देश के सभी जिलों में डीएम कार्यालयों तक निकाला जाएगा। वहीं CJP ने भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है।
मुंबई में CJP को छत्रपति शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली है। अनुमति नहीं मिलने के बाद CJP ने जेल भरो आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन की तीन प्रमुख मांगों में CEC ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई और SIR पर रोक शामिल है। इसके अलावा जनवरी 2025 की मतदाता सूची बहाल करने की मांग भी की गई है। शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने CJP के प्रदर्शन को समर्थन दिया है।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी आज सुबह 11 बजे से धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम है। इसमें AISA, RJD सांसद मनोज झा और प्रशांत भूषण के शामिल होने की बात कही गई है। करीब 5 हजार लोगों के जुटने की खबर के बीच दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।
मुंबई में पुलिस ने CJP को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया है। पुलिस के मुताबिक, आजाद मैदान धरना-प्रदर्शन के लिए अधिकृत जगह है और इसके अलावा मुंबई में आंदोलन की अनुमति नहीं है। CJP 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करना चाहती थी।
वहीं, 4 अक्टूबर से शिवसेना UBT और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना आंदोलन शुरू करेगी। गांधी जयंती के दिन प्रस्तावित प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली के नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई है। जंतर-मंतर के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, करीब 4 से 5 हजार लोगों के जुटने की संभावना है।