KNEWS DESK- निर्वाचन आयोग ने SIR को लेकर एक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य उन पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ना है, जो SIR के बाद छूट गए हैं। इसके साथ ही पहली बार मतदान करने वाले और युवा मतदाताओं को भी इस अभियान में शामिल किया जाएगा। आयोग ने संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के मुताबिक, बूथ लेवल अधिकारी यानी BLO SIR से पहले और मौजूदा वोटर लिस्ट की तुलना करेंगे। ऐसे मतदाताओं की अलग सूची तैयार की जाएगी, जिनके नाम पहले की सूची में थे, लेकिन मौजूदा सूची में नहीं हैं। इसके बाद BLO घर-घर जाकर इन मतदाताओं की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेंगे। पात्र पाए जाने पर उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। BLO को हर सप्ताह कम से कम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करने और करीब एक महीने में अभियान पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता पंजीकरण एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। जिन पात्र लोगों का नाम अभी तक वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हुआ है या जिनका नाम हट गया है, वे फॉर्म-6 के जरिए नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। BLO अपनी तैयार सूची और भरे गए फॉर्म-6 की जानकारी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी यानी ERO के साथ साझा करेंगे। बूथवार सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ भी साझा की जाएगी, ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं को नाम जुड़वाने का एक और अवसर मिल सके।
आयोग के निर्देशों के तहत बूथ स्तर पर विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे। जरूरत के अनुसार नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी और बेघर लोगों के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा सकता है।