Knews Desk- इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। शेड्यूल लॉन्च कार्यक्रम केपटाउन स्थित जाइट्ज म्यूजियम ऑफ कंटेम्पररी आर्ट अफ्रीका में आयोजित हुआ। इस ऐलान के साथ ही टूर्नामेंट की पूरी तस्वीर साफ हो गई है। वर्ल्ड कप के मुकाबले साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के कुल 12 वेन्यू पर खेले जाएंगे।2027 वनडे वर्ल्ड कप में कुल 14 टीमों के बीच मुकाबले होंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में 14 टीमों में सबसे कम रैंकिंग वाली तीन टीमों के बीच सुपर सीरीज मुकाबले होंगे। इसके बाद छह-छह टीमों के दो ग्रुप बनाए गए हैं।ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालिफायर-ए को जगह मिली है। वहीं ग्रुप बी में बांग्लादेश, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और क्वालिफायर-बी शामिल हैं।
भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखे जाने के बाद क्रिकेट फैंस की नजरें दोनों टीमों के मुकाबले पर टिक गई हैं। दोनों के बीच मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। भारत अपने ग्रुप चरण में 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केप टाउन में मुकाबले से अभियान शुरू करेगा। इसके बाद 14 अक्टूबर को भारत का सामना अफगानिस्तान से त्शवाने में होगा। 17 अक्टूबर को भारत क्वालिफायर-ए से ब्लोमफोंटेन में भिड़ेगा, जबकि 24 अक्टूबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ विक्टोरिया फॉल्स में मुकाबला होगा।ग्रुप चरण में पाकिस्तान की टीम 8 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ त्शवाने में अभियान शुरू करेगी। इसके बाद 15 अक्टूबर को पाकिस्तान क्वालिफायर-ए से ब्लोमफोंटेन में और 19 अक्टूबर को जिम्बाब्वे से हरारे में भिड़ेगा। 22 अक्टूबर को पाकिस्तान का सामना ऑस्ट्रेलिया से पार्ल में होगा।
ग्रुप चरण के बाद सुपर स्टेज के मुकाबले खेले जाएंगे। सुपर स्टेज की शुरुआत 25 अक्टूबर से होगी और 14 नवंबर तक मुकाबले चलेंगे। इस चरण के बाद टूर्नामेंट नॉकआउट दौर में पहुंचेगा।वर्ल्ड कप 2027 का पहला सेमीफाइनल 17 नवंबर को केप टाउन में खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 18 नवंबर को त्शवाने में होगा। इसके बाद 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।इस तरह वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला टूर्नामेंट के शुरुआती दौर के सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल रहेगा। दोनों टीमें एक ही ग्रुप में हैं और 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में आमने-सामने होंगी। अब क्रिकेट फैंस को इस मुकाबले का इंतजार रहेगा।