ज्ञानेश कुमार को अमेरिका ले जाने की बात कह ट्रंप पर पवन खेड़ा का तंज, मोदी सरकार को भी घेरा

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर तंज कसते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार को भी घेरा और किसानों की समस्याओं, अधिकारियों की नियुक्तियों तथा देश की विदेश नीति पर सवाल उठाए।

Knews Desk – कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने राजस्थान की भाजपा सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हार का जिक्र करते हुए उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर तंज कसा। खेड़ा ने कहा कि अगर ट्रंप ज्ञानेश कुमार को कुछ दिन के लिए अपने साथ अमेरिका ले गए होते, तो वे चुनाव जीत जाते।

ट्रंप का जिक्र कर मोदी सरकार पर निशाना

पवन खेड़ा ने ट्रंप की हार का भारत पर पड़ने वाले प्रभाव के सवाल पर केंद्र सरकार की विदेश नीति को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप ने भारत को लेकर 150 से अधिक बार टिप्पणी की, लेकिन मोदी सरकार चुप रही। उन्होंने रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर अमेरिका के दबाव, भारतीय नागरिकों को हथकड़ी पहनाकर वापस भेजे जाने और ऑपरेशन सिंदूर के सीजफायर का श्रेय ट्रंप द्वारा लिए जाने का भी जिक्र किया।

खेड़ा ने आरोप लगाया कि ट्रंप की भारत पर अपमानजनक टिप्पणियों के बावजूद सरकार ने जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि देश की सरकार में आज न तो पहले जैसा इकबाल है और न ही रीढ़ की हड्डी।

इंदिरा गांधी का जिक्र कर विदेश नीति पर सवाल

कांग्रेस नेता ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति निक्सन के सामने मजबूती दिखाई थी। खेड़ा के मुताबिक, अमेरिका के बावजूद इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े किए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भारत की विदेश नीति में स्पष्टता की कमी है और सरकार डरकर रहती है।

पवन खेड़ा ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर भी निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री को ‘पर्ची वाला मुख्यमंत्री’ बताते हुए आरोप लगाया कि राजस्थान की जनता का सरकार से भरोसा खत्म हो गया है। उन्होंने किसानों को समय पर राहत नहीं मिलने, बाजरे पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), सूखे और चारे की समस्या जैसे मुद्दे उठाए।

खेड़ा ने ग्रामीण राजस्थान की स्थिति को चिंताजनक बताया। उन्होंने IAS शिखर अग्रवाल समेत अधिकारियों की नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए और कहा कि यदि अधिकारियों की सूची दिल्ली से आती है, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए।

लोकतंत्र और विपक्ष के आंदोलन पर भी बोले खेड़ा

भाजपा के लोकतंत्र खतरे में होने के दावों पर पलटवार करते हुए पवन खेड़ा ने कहा कि सरकार सुधर जाए तो लोकतंत्र अपने आप ठीक हो जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता परिवर्तन चुनाव के जरिए होता है और सड़क पर प्रदर्शन करना भी लोकतंत्र का हिस्सा है।

खेड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष के सरकार हटाने के आंदोलन पर सवाल नहीं उठा सकती, क्योंकि अन्ना आंदोलन के समय उसने खुद उसका समर्थन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *