‘चाहे कुछ भी हो जाए, प्रदर्शन करेंगे….’ जंतर-मंतर मार्च पर अड़े अभिजीत दीपके

Knews Desk– कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि प्रदर्शन से पहले देशभर में उसके कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। अभिजीत दीपके ने कहा कि वह हर हाल में दिल्ली पहुंचकर मार्च करेंगे।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन को रोकने के लिए देशभर में उसके कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। पार्टी से जुड़े अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर कहा कि वह किसी भी परिस्थिति में अपना मार्च नहीं रोकेंगे।

दीपके ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन से पहले हजारों युवाओं को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि वह 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेंगे और जंतर-मंतर तक मार्च करेंगे। इस बीच, पार्टी के को-इंचार्ज दीपक बालियान को अलवर पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का मामला भी सामने आया है। पार्टी के संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि बालियान की हिरासत के दौरान उनके परिजनों और भाई के साथ मारपीट की गई। CJP ने पुलिस की कार्रवाई को असंवैधानिक बताते हुए बालियान की तत्काल रिहाई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि बिना वैधानिक आधार के कार्यकर्ताओं को हिरासत में रखा गया, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। वहीं, दिल्ली में 2 अक्टूबर से जारी प्रदर्शनों के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने गुरुवार तक 25 एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस के अनुसार, इन मामलों में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे आरोप शामिल हैं। नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू होने के बावजूद कथित उल्लंघनों के मामले भी दर्ज किए गए हैं। कुछ एफआईआर में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं के नाम शामिल होने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *