‘सरकार के 200 अफसर हमारे टच में हैं’, राहुल गांधी का बड़ा दावा

Knews Desk– लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया है कि केंद्र सरकार के करीब 200 अधिकारी विपक्ष के संपर्क में हैं और उन्हें अंदरूनी जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर विपक्ष अब सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करेगा।

राहुल गांधी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि ED, CBI और विदेश मंत्रालय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी विपक्ष को जानकारी दे रहे हैं। राहुल ने कहा, “आपकी सरकार के 200 अफसर हमारे संपर्क में हैं और हमें जानकारी दे रहे हैं। आपको जो करना है करो, सच्चाई हमारे साथ है।” राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर उठाए जा रहे सवालों को दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को दिल्ली आने से रोका जा रहा है और राजधानी को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि दिल्ली पुलिस, CRPF और ITBP के कुछ जवान युवाओं के खिलाफ कार्रवाई से नाराज हैं। राहुल ने कहा कि सरकार विपक्ष के आंदोलन को रोककर बड़ी गलती कर रही है। उन्होंने BJP और RSS पर भी युवाओं के खिलाफ कार्रवाई कराने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए सवाल किया कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब क्यों नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ उन्होंने CJI सूर्यकांत को पत्र लिखकर मुलाकात का समय मांगा था। राहुल के मुताबिक, उन्हें याचिका दाखिल करने की सलाह दी गई। अब वह INDIA गठबंधन के सांसदों के साथ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे। विपक्ष का कहना है कि वह चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों को अदालत के सामने रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *