‘अराजकता रोको, वरना जो बचा है वह भी जाएगा’, दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन पर भड़के CM योगी

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन को लेकर पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस पर अराजकता फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। योगी ने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस ने अपना रवैया नहीं बदला, तो राजनीतिक रूप से जो कुछ बचा है, वह भी गंवाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए अराजकता का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी को आत्ममंथन करना चाहिए कि जनता उसे बार-बार क्यों ठुकरा रही है।

योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 1985 के बाद से सत्ता में वापसी नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में भी जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। इसके बावजूद पार्टी अपनी गलतियों से सबक लेने के बजाय लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा कर रही है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान आम नागरिकों को होने वाली परेशानी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार है, लेकिन इसके नाम पर अव्यवस्था फैलाना और संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाना उचित नहीं है।

चुनाव परिणामों को लेकर विपक्ष के रुख पर टिप्पणी करते हुए योगी ने कहा कि चुनाव जीतने पर राजनीतिक दल इसे अपनी उपलब्धि बताते हैं, जबकि हारने पर EVM और चुनाव आयोग को दोष देते हैं। उन्होंने न्यायपालिका के फैसलों पर सवाल उठाने को लेकर भी कांग्रेस की आलोचना की। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व से अपने आचरण पर विचार करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि अगर पार्टी ने अराजकता और अस्थिरता पैदा करने का रवैया जारी रखा, तो उसे राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *