knews desk – कानपुर में पति के सामने पत्नी ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। ट्रेन की चपेट में आने से महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। पत्नी को ट्रेन के आगे कूदता देख पति वहां से भाग गया। कुछ देर बाद उसने अपनी सास को घटना की जानकारी दी। घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे कल्याणपुर थानाक्षेत्र की है। मृतका की पहचान 28 वर्षीय सिमरन के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची सिमरन की मां ने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती और उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
सिमरन की मां रमा देवी ने बताया कि उनकी बेटी ने 11 नवंबर 2019 को IIT में नौकरी करने वाले अमन कुमार से लव मैरिज की थी। अमन IIT में प्रोजेक्ट असिस्टेंट हैं। दोनों की चार साल की बेटी अनुभा है। रमा देवी के मुताबिक, सिमरन जब नौवीं कक्षा में पढ़ती थी, तभी से उसके और अमन के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों शादी करने की जिद पर अड़ गए थे। परिवार के लोग इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन दोनों ने शादी नहीं होने पर जान देने की धमकी दी, जिसके बाद परिजनों को उनकी जिद के आगे झुकना पड़ा और 11 नवंबर 2019 को दोनों की शादी करा दी गई।
रमा देवी ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही सिमरन का पति और ससुराल के अन्य लोग छोटी-छोटी बातों पर उससे विवाद करने लगे थे। उनके मुताबिक, सिमरन के साथ आए दिन मारपीट भी की जाती थी। ससुराल में लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर सिमरन करीब छह महीने पहले अपनी चार साल की बेटी के साथ मायके आ गई थी और तभी से मायके में रह रही थी। करीब 15 दिन पहले पति अमन ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कहकर उसे वापस बुला लिया। इसके बाद सिमरन बेटी को लेकर ससुराल चली गई थी।
रमा देवी ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजकर 23 मिनट पर अमन का फोन आया और उसने बताया कि सिमरन ट्रेन के आगे कूद गई है। जानकारी मिलते ही वह परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं, जहां बेटी का क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ था। सूचना पर जीआरपी और बिठूर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद सिमरन की चार साल की बेटी अनुभा रो रही थी। वह नानी से बार-बार पूछ रही थी कि मम्मा कहां हैं, पापा कहां हैं और उन्हें मम्मा के पास जाना है। मासूम के इन सवालों का किसी के पास कोई जवाब नहीं था। वहां मौजूद परिजनों और लोगों की आंखें भी भर आईं।
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।