जंतर-मंतर पर धरना बंद! दिल्ली में प्रदर्शन के लिए अब ये 3 जगहें तय

Knews Desk– दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी आंदोलन के बीच प्रदर्शन स्थलों को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया है। अब राजधानी में रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड में धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जा सकेंगे।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार की ओर से जारी स्टैंडिंग ऑर्डर के मुताबिक, प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों में बदलाव किया गया है। यह फैसला केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से गठित समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। समिति को नागरिकों के विरोध-प्रदर्शन के अधिकार को ध्यान में रखते हुए मौजूदा स्थलों के विकल्प तलाशने की जिम्मेदारी दी गई थी। पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने भी प्रदर्शन आयोजित करने के लिए निर्धारित स्थानों की व्यवस्था करने की बात कही थी। इसके बाद समिति की सिफारिशों के आधार पर तीन वैकल्पिक स्थलों को तय किया गया है।

दिल्ली में अब रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली स्थित CBD ग्राउंड प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान होंगे। इन जगहों पर धरना या विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने की अनुमति और उससे जुड़ी शर्तों की जानकारी अलग से जारी होने वाली मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) में दी जाएगी। रामलीला मैदान राजधानी के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल है। वहीं, बुराड़ी ग्राउंड और CBD ग्राउंड को भी प्रदर्शन के वैकल्पिक स्थानों के रूप में शामिल किया गया है।

इस बदलाव के बाद जंतर-मंतर अब निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची में शामिल नहीं रहेगा। हालांकि, नए स्थलों पर प्रदर्शन आयोजित करने की प्रक्रिया, अनुमति और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से स्पष्ट किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *