Knews Desk– एस्टन मार्टिन ने मोंटेरे कार वीक 2026 में अपनी नई और बेहद खास सुपरकार Valen को पेश किया है. कंपनी के मुताबिक, यह उसकी अब तक की सबसे पावरफुल फ्रंट-इंजन प्रोडक्शन कार है. कार में 5.2-लीटर ट्विन-टर्बो V12 इंजन दिया गया है, जो 850hp की जबरदस्त पावर और 1,000Nm का टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी इसकी सिर्फ 150 यूनिट तैयार करेगी. इसकी शुरुआती कीमत 15 लाख पाउंड यानी करीब 19.46 करोड़ रुपये रखी गई है.
Aston Martin Valen में वही 5.2-लीटर ट्विन-टर्बो V12 इंजन इस्तेमाल किया गया है, जो कंपनी की Vanquish में मिलता है. हालांकि Valen में इंजन को ज्यादा पावरफुल बनाया गया है. यह 850hp की ताकत पैदा करता है, जो Vanquish के मुकाबले 15hp ज्यादा है. इंजन की पावर 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के जरिए पिछले पहियों तक पहुंचती है. इसके गियरबॉक्स सॉफ्टवेयर को Vantage GT4 रेस कार से प्रेरित होकर तैयार किया गया है.परफॉर्मेंस के मामले में भी Valen बेहद खास है. यह कार महज 3.1 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड इलेक्ट्रॉनिक रूप से 345 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित है. कार को सिर्फ तेज बनाने के बजाय कंपनी ने इसे फुर्तीला और ड्राइविंग के लिहाज से ज्यादा प्रतिक्रियाशील बनाने पर भी खास ध्यान दिया है.
Valen का वजन Vanquish के मुकाबले करीब 110 किलोग्राम कम है. वजन घटाने के लिए इसमें कार्बन फाइबर, एल्युमिनियम, टाइटेनियम और मैग्नीशियम जैसे हल्के मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है. कंपनी ने इसके ESP, थ्रॉटल, ब्रेकिंग और स्टीयरिंग सिस्टम में भी बदलाव किए हैं. सस्पेंशन में ज्यादा सख्त स्प्रिंग्स का इस्तेमाल किया गया है, जिससे बॉडी रोल और पिच को कम किया जा सके और कार ड्राइवर के इनपुट पर तेजी से प्रतिक्रिया दे.
कार के डिजाइन को भी काफी आक्रामक रखा गया है. इसमें हल्के मैग्नीशियम व्हील दिए गए हैं, जिनके साथ खास Pirelli P Zero R टायर मिलते हैं. आगे 275/35 ZR21 और पीछे 325/30 ZR21 टायर लगाए गए हैं. इसमें Pirelli की Cyber Tyre तकनीक भी दी गई है, जो टायर से जुड़ा डेटा कार के डायनेमिक कंट्रोल सिस्टम तक रियल टाइम में पहुंचाती है.Valen के एक्सटीरियर में बड़े साइड एयर वेंट्स दिए गए हैं, जो व्हील आर्च से हवा बाहर निकालने में मदद करते हैं. पीछे पारंपरिक रियर विंडस्क्रीन की जगह ठोस टेलगेट दिया गया है. इसे खोलने पर 170 लीटर का बूट स्पेस मिलता है. टेलगेट पर दिया गया एयरोडायनामिक फ्लैप डाउनफोर्स बढ़ाने में मदद करता है. इसके अलावा पतली LED टेल-लाइट बार और 3D-प्रिंटेड क्वाड टाइटेनियम एग्जॉस्ट भी मिलते हैं.
केबिन में 10.25 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है. सेंटर कंसोल 3D प्रिंटेड है और इसमें एयरक्राफ्ट-स्टाइल ड्राइव मोड सिलेक्टर मिलता है. ग्राहकों को Sport Plus और कार्बन-फाइबर Performance सीटों का विकल्प मिलेगा. इसके अलावा 15-स्पीकर Bowers & Wilkins ऑडियो सिस्टम, 360-डिग्री कैमरा, डिजिटल रियर-व्यू मिरर और वायरलेस फोन चार्जिंग जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं.Aston Martin Valen की सिर्फ 150 यूनिट बनाई जाएंगी और इन्हें कंपनी का Q Personalisation विभाग तैयार करेगा. इसकी डिलीवरी 2027 की दूसरी तिमाही से शुरू होने की उम्मीद है. 850hp V12 इंजन, हल्का वजन, आक्रामक डिजाइन और सीमित प्रोडक्शन इसे कंपनी की सबसे खास और एक्सक्लूसिव सुपरकारों में शामिल करता है.