KNEWS DESK- भारत में लग्जरी कारों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है और इसका सबसे बड़ा उदाहरण Toyota Vellfire बन चुकी है। करोड़ों रुपये की कीमत वाली इस अल्ट्रा-लग्जरी MPV ने भारतीय बाजार में 5,000 यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है।
फरवरी 2020 में लॉन्च हुई यह प्रीमियम MPV अब हाई-प्रोफाइल ग्राहकों की पहली पसंद बनती जा रही है। बिजनेसमैन, सेलिब्रिटीज और बड़े राजनेताओं के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
5 हजार यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार

टोयोटा की यह लग्जरी MPV अब तक भारत में कुल 5,001 यूनिट बिक्री का आंकड़ा छू चुकी है। कंपनी ने अगस्त 2024 में इसका सेकेंड जनरेशन मॉडल लॉन्च किया था, जिसके बाद इसकी डिमांड और तेजी से बढ़ी। ऑटो इंडस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, कुल बिक्री का लगभग 55 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ पिछले 25 महीनों में आया है। यानी हाल के समय में ग्राहकों के बीच इस कार की लोकप्रियता काफी तेजी से बढ़ी है।
कितनी है कीमत?
भारत में Toyota Vellfire की एक्स-शोरूम कीमत लगभग 1.20 करोड़ रुपये से शुरू होकर 1.30 करोड़ रुपये तक जाती है।
वहीं ऑन-रोड कीमत शहर और टैक्स के हिसाब से करीब 1.42 करोड़ रुपये से 1.54 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। इतनी महंगी होने के बावजूद इसकी डिमांड लगातार बनी हुई है।
अंदर से किसी लग्जरी लाउंज से कम नहीं
इस MPV की सबसे बड़ी खासियत इसका प्रीमियम और अल्ट्रा-कम्फर्टेबल केबिन है। नई Vellfire में 14 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जिसमें कई एडवांस फीचर्स मिलते हैं।

टॉप मॉडल Vellfire VIP में एग्जीक्यूटिव लाउंज पैकेज दिया गया है, जिसमें सेकेंड रो में बेहद आरामदायक कैप्टन सीट्स मिलती हैं। ये सीट्स मसाजर सीट जैसी लग्जरी फील देती हैं और लंबी यात्रा को बेहद आरामदायक बना देती हैं।

इसके अलावा कार में कई AC वेंट, बड़ी ओवरहेड कंट्रोल यूनिट, वायरलेस चार्जर, हेड-अप डिस्प्ले और Ottoman सीट्स जैसे प्रीमियम फीचर्स भी दिए गए हैं।
क्यों पसंद कर रहे हैं सेलिब्रिटीज?

Toyota Vellfire को खासतौर पर सेलिब्रिटीज, बिजनेस टाइकून और हाई-नेट-वर्थ इंडिविजुअल्स पसंद कर रहे हैं। इसकी वजह है शानदार स्पेस, प्राइवेट जेट जैसी आरामदायक सीट्स और हाई-एंड फीचर्स। जो लोग लग्जरी, कम्फर्ट और प्रीमियम रोड प्रेजेंस चाहते हैं, उनके लिए यह MPV एक स्टेटस सिंबल बनती जा रही है।