KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शनिवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। जयपुर से पश्चिम बंगाल शव लेकर जा रही तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चालक समेत एंबुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई।
खड़ी पिकअप में पीछे से टकराई एंबुलेंस
हादसा सुबेहा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 53.3 किलोमीटर के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक एंबुलेंस नंबर RJ 14 PF 8529 जयपुर से आ रही थी। इसी दौरान वह सड़क किनारे खड़ी पिकअप नंबर UP 78 JT 6480 से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी पांचों को मृत घोषित कर दिया।
शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रहे थे परिजन
बताया गया कि एंबुलेंस में 38 वर्षीय अजीजुलहक का शव रखा था। उनकी जयपुर में हार्ट अटैक से मौत हुई थी और परिजन शव को पश्चिम बंगाल लेकर जा रहे थे। हादसे में अमिनूर हक, हरिओम, रुपिक, मकबूल खान और एंबुलेंस चालक आलम की मौत हुई है।
हाईवे पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसे हाई-स्पीड कॉरिडोर पर सड़क किनारे पिकअप खड़ी होने और उससे एंबुलेंस की टक्कर के बाद हाईवे पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।