भारत के ‘वड़नगर संग्रहालय’ ने रचा इतिहास, जीता रेड डॉट ‘बेस्ट ऑफ द बेस्ट’ अवार्ड, जानें क्यों है खास

गुजरात के वड़नगर स्थित अनंत अनादि वड़नगर पुरातात्विक अनुभवात्मक संग्रहालय ने रेड डॉट ‘बेस्ट ऑफ द बेस्ट’ अवार्ड 2026 हासिल किया है। यह सम्मान पाने वाला वड़नगर संग्रहालय भारत का पहला और एकमात्र संग्रहालय बन गया है।

KNEWS DESK- गुजरात के वड़नगर में स्थित अनंत अनादि वड़नगर पुरातात्विक अनुभवात्मक संग्रहालय ने बर्लिन, जर्मनी में प्रतिष्ठित रेड डॉट ‘बेस्ट ऑफ द बेस्ट’ अवार्ड 2026 अपने नाम किया है। इस उपलब्धि के साथ यह सम्मान पाने वाला भारत का पहला और एकमात्र संग्रहालय बन गया है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने एक्स के जरिए इस उपलब्धि की जानकारी साझा की।

उन्होंने कहा कि वड़नगर संग्रहालय ने गुजरात की विरासत को वैश्विक डिजाइन मानचित्र पर स्थापित किया है। यह उपलब्धि गुजरात के गौरवशाली इतिहास को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। वड़नगर का यह संग्रहालय इतिहास और आधुनिक तकनीक के अनूठे मेल के लिए खास है। गुजरात घूमने जाने वाले लोगों के लिए यह स्थान खास आकर्षण का केंद्र है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें इतिहास, पुरातत्व और प्राचीन सभ्यताओं को करीब से जानने में रुचि है।

करीब 2,750 साल पुराना शहर

वड़नगर शहर लगभग 2,750 सालों से बसा हुआ है। आज की सड़कों के नीचे सदियों पहले यहां रहने वाले लोगों की बस्तियों, दीवारों, कार्यशालाओं और धार्मिक ढांचों के अवशेष मौजूद हैं। संग्रहालय इन्हीं पुरातात्विक प्रमाणों के जरिए वड़नगर के प्राचीन इतिहास और उसके विकास की कहानी को सामने लाता है।

संग्रहालय में देख सकते हैं वास्तविक खुदाई स्थल

यह संग्रहालय फरवरी 2025 में आम जनता के लिए खोला गया था। यहां हजारों पुरातात्विक खोजों के साथ कई तरह की प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। इसकी सबसे खास बात यह है कि आगंतुक यहां वास्तविक खुदाई स्थल भी देख सकते हैं। अंबा घाट खुदाई स्थल मुख्य संग्रहालय भवन से 50 मीटर लंबे पुल के जरिए जुड़ा हुआ है। यह खुदाई स्थल करीब 4,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है, जहां जमीन के नीचे दबे इतिहास की अलग-अलग परतों को करीब से देखा जा सकता है।

सात सांस्कृतिक कालखंडों की कहानी

करीब 1,35,000 वर्ग फुट में फैले इस संग्रहालय की गैलरीज़ आगंतुकों को वड़नगर के सात अलग-अलग सांस्कृतिक कालखंडों की यात्रा कराती हैं। इनमें मौर्य, इंडो ग्रीक, शक क्षत्रप, मैत्रक, सोलंकी, सल्तनत और मुगल काल शामिल हैं।संग्रहालय में 6,000 से ज्यादा कलाकृतियां, प्रतिकृतियां, इंटरैक्टिव प्रदर्शन और ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियां मौजूद हैं। यहां मिट्टी के बर्तन, सिक्के, हथियार, औजार, मूर्तियां और गहनों के अलावा अनाज और कंकाल के अवशेष भी प्रदर्शित किए गए हैं।

कैसे पहुंचे वड़नगर?

वड़नगर अहमदाबाद से करीब 110 किलोमीटर और मेहसाणा से लगभग 51 मिनट की सड़क दूरी पर स्थित है। यहां पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी हवाई अड्डा अहमदाबाद का सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जो करीब 120 किलोमीटर दूर है। वड़नगर का अपना रेलवे स्टेशन भी है, जहां से संग्रहालय करीब 10 मिनट की दूरी पर है।

संग्रहालय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहता है। यहां आखिरी प्रवेश शाम 4:30 बजे तक दिया जाता है। बुधवार को संग्रहालय बंद रहता है। पांच साल से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रवेश निःशुल्क है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *