अजित पवार विमान हादसे की जांच पर बढ़ा विवाद, रोहित पवार के सवालों पर नितेश राणे का पलटवार

Knews Desk – अजित पवार से जुड़े विमान हादसे की जांच को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने तक इंतजार किया जाना चाहिए। वहीं बीजेपी नेता और कैबिनेट मंत्री नितेश राणे ने रोहित पवार के सवालों पर तीखा हमला बोलते हुए शरद पवार से पार्टी का रुख स्पष्ट करने की मांग की है।

सुप्रिया सुले बोलीं- जांच रिपोर्ट आने तक करना चाहिए इंतजार

सुप्रिया सुले ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुद सार्वजनिक मंच से केंद्रीय गृह मंत्री से अजित पवार विमान हादसे की जांच में तेजी लाने की मांग की है। ऐसे में जांच पूरी होने और रिपोर्ट सामने आने तक इंतजार किया जाना चाहिए।

सुले ने बताया कि जब रोहित पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, उस समय वह सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रही थीं। उन्होंने रोहित पवार के आरोपों की जानकारी अखबारों के जरिए ली।

मामला केंद्र के नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में

सुप्रिया सुले के मुताबिक, अजित पवार विमान हादसे की जांच राज्य सरकार के बजाय केंद्र सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आती है। उन्होंने कहा कि वह रोहित पवार से भी बात करेंगी और पूरे मामले को समझने की कोशिश करेंगी।

बीजेपी नेता नितेश राणे ने रोहित पवार पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस तरह की राजनीति रोहित पवार कर रहे हैं, वैसी राजनीति शरद पवार ने कभी नहीं की। राणे ने दावा किया कि शरद पवार हमेशा साफ-सुथरी और अच्छी राजनीति करते रहे हैं।

राणे ने रोहित पवार से सवाल किया कि उन्हें खुद जांच करना चाहिए कि क्या वह वास्तव में पवार परिवार से हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्तिगत स्तर पर और एमपीएससी से जुड़े मामलों में भी रोहित पवार की मदद की थी, लेकिन अब वह उन एहसानों को भूल गए हैं।

शरद पवार से पार्टी का रुख साफ करने की मांग

नितेश राणे ने शरद पवार से यह स्पष्ट करने की मांग की कि रोहित पवार की ओर से लगाए जा रहे आरोप क्या उनकी पार्टी का आधिकारिक रुख हैं। उन्होंने रोहित पवार के बयान को लेकर उन्हें चेतावनी भी दी और कहा कि अगर वह इसी तरह की राजनीति करते रहे तो बीजेपी भी उनके खिलाफ जवाबी हमला करेगी।

दरअसल, रोहित पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजित पवार के साथ हुई विमान दुर्घटना को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि अभी तक दुर्घटना के पीछे का सच सामने नहीं आया है और लोग यह सवाल पूछ रहे हैं कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई साजिश थी।

रोहित पवार ने कहा था कि वह इसका जवाब खोजने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नौ महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जांच को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है और इसी वजह से उन्होंने जांच को लेकर संदेह जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *