KNEWS DESK- दिल्ली के प्रदूषण को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों का बचाव किया है। पंजाब के लुधियाना में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण के लिए किसानों को जिम्मेदार ठहराना गलत है। उन्होंने कहा कि इसके लिए किसान नहीं, बल्कि दूसरे कारण जिम्मेदार हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में आई कमी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में धान की पराली जलाने की घटनाओं में ऐतिहासिक कमी आई है और इसके लिए उन्होंने पंजाब के किसानों को बधाई दी। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के कृषि मंत्री को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 254 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करते हुए स्वीकृति पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की मांग पर सात नई परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार की ओर से 98 करोड़ 44 लाख रुपये की मंजूरी भी दी गई है।
शिवराज ने कहा कि वह किसानों के बीच जाकर खेती से जुड़ी समस्याओं को समझते हैं। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली में बैठकर काम नहीं कर सकते, इसलिए किसानों के बीच जाते हैं और उनके साथ बातचीत करते हैं। दरअसल, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कुछ दिन पहले दिल्ली में बढ़े प्रदूषण के लिए पंजाब में जल रही पराली को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने पंजाब में एक दिन में पराली जलाने की 580 से ज्यादा घटनाएं दर्ज होने का दावा किया था।
वहीं, मंगलवार सुबह दिल्ली के प्रदूषण स्तर में मामूली सुधार दर्ज किया गया। कई इलाकों में AQI 300 के आसपास या उससे नीचे रहा, हालांकि कुछ क्षेत्रों में यह अब भी 300 से ऊपर दर्ज किया गया।