आंखों, नाभि और तलवों पर देसी घी लगाना कितना सही? जानें एक्सपर्ट की राय

देसी घी को भारतीय खान-पान और पारंपरिक घरेलू नुस्खों में खास जगह मिली है। लेकिन इसे तलवों, नाभि या आंखों के आसपास लगाने से वास्तव में कितने फायदे होते हैं और किन मामलों में नुकसान हो सकता है, एक्सपर्ट से समझिए।

KNEWS DESK- देसी घी भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है। इसका इस्तेमाल भोजन में स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ पारंपरिक तौर पर त्वचा और शरीर से जुड़े कई घरेलू नुस्खों में भी किया जाता रहा है। रात में तलवों पर घी लगाना, नाभि में घी डालना और पलकों पर घी लगाने जैसे नुस्खे काफी प्रचलित हैं। हालांकि, हर पारंपरिक नुस्खे के पीछे वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद हों, यह जरूरी नहीं है।

न्यूट्रिशनिस्ट गीतिका चोपड़ा के मुताबिक, देसी घी को संतुलित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है, लेकिन इसके घरेलू इस्तेमाल से जुड़े दावों को वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर समझना जरूरी है। आइए जानते हैं इन चार लोकप्रिय नुस्खों के बारे में।

तलवों पर देसी घी लगाने से क्या फायदा?

कई लोग रात में सोने से पहले पैरों के तलवों पर देसी घी लगाते हैं। माना जाता है कि इससे तनाव कम होता है और नींद बेहतर आती है। हालांकि, इन दावों के समर्थन में मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं। हां, अगर पैरों की त्वचा रूखी या फटी हुई है तो घी लगाने से कुछ राहत मिल सकती है। घी त्वचा पर एक सुरक्षात्मक परत बना सकता है, जिससे नमी बनाए रखने में मदद मिलती है। इसके अलावा पैरों की हल्की मालिश से भी आराम महसूस हो सकता है। लेकिन इसे नींद सुधारने या शरीर की आंतरिक गर्मी नियंत्रित करने का प्रमाणित तरीका नहीं माना जा सकता।

नाभि में घी लगाने का क्या असर होता है?

पारंपरिक घरेलू नुस्खों में नाभि में घी लगाने को पाचन बेहतर करने, कब्ज दूर करने, त्वचा को हाइड्रेट रखने और हार्मोनल संतुलन से जोड़ा जाता है। लेकिन नाभि में घी लगाने से इन समस्याओं में सुधार होता है, इसका पुख्ता वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है। अगर त्वचा रूखी है तो प्रभावित हिस्से पर उपयुक्त मॉइस्चराइजर लगाना ज्यादा व्यावहारिक विकल्प हो सकता है। नाभि में घी लगाने को पाचन या हार्मोन से जुड़ी समस्या का इलाज नहीं माना जाना चाहिए।

कट या जलने पर घी लगाना सही है?

त्वचा पर मामूली कट या जलने की स्थिति में कुछ लोग देसी घी लगाने का घरेलू नुस्खा अपनाते हैं। हालांकि, एक्सपर्ट किचन में इस्तेमाल होने वाला देसी घी कट या जलने पर लगाने की सलाह नहीं देते। इससे घाव में संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। मामूली जलने की स्थिति में प्रभावित हिस्से को करीब 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी के नीचे रखना बेहतर है। जले हुए हिस्से पर बर्फ, घी या टूथपेस्ट नहीं लगाना चाहिए। अगर जलन गहरी है, बड़े छाले हैं या घाव में संक्रमण के संकेत दिखाई देते हैं तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

आंखों की पलकों पर घी लगाने से बढ़ती हैं आईलैशेज?

पलकों और आईलैशेज पर देसी घी लगाने का चलन भी काफी पुराना है। माना जाता है कि इससे रूखापन कम होता है और पलकें स्वस्थ दिखती हैं। लेकिन घी लगाने से आईलैशेज की ग्रोथ बढ़ती है या आंखों की रोशनी बेहतर होती है, इसका वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है। आंखों के बेहद करीब घी लगाने से आंखों की ग्रंथियों में रुकावट या संक्रमण का खतरा हो सकता है। इसलिए आंखों और पलकों के किनारों पर रसोई में रखा देसी घी लगाने से बचना चाहिए।

डाइट में देसी घी कितना सही?

देसी घी में फैट के साथ कुछ फैट-सॉल्युबल विटामिन भी पाए जाते हैं और इसे संतुलित आहार में सीमित मात्रा में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, इसकी मात्रा व्यक्ति की पूरी डाइट और जरूरतों पर निर्भर करती है।

एक्सपर्ट की सलाह का सार यही है कि देसी घी को भोजन का हिस्सा बनाना अलग बात है और उसे हर तरह की समस्या का घरेलू इलाज मानना अलग। रूखी त्वचा के लिए उपयुक्त मॉइस्चराइजर और जलने या कटने की स्थिति में उचित फर्स्ट-एड को प्राथमिकता देनी चाहिए। किसी भी पारंपरिक नुस्खे को मेडिकल ट्रीटमेंट का विकल्प नहीं बनाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *