बिना शादी के छठ मनाने पर ट्रोल हुईं अक्षरा सिंह, बोलीं- कुंवारा लड़का कर सकता है तो कुंवारी लड़की क्यों नहीं?

knews desk – भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अपनी जिंदगी से जुड़ी चीजें फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। अक्षरा सिंह आधुनिक होने के साथ-साथ धार्मिक भी हैं और हर साल छठ पर्व मनाती हैं। इस साल भी उन्होंने छठ पूजा की, जिसकी तस्वीरें और वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किए। हालांकि, उनकी छठ पूजा कुछ सोशल मीडिया यूजर्स को रास नहीं आई और लोगों ने उनकी शादी को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। अब एक्ट्रेस ने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है।

छठ पूजा को शादी से जोड़ने पर भड़कीं अक्षरा सिंह

अक्षरा सिंह ने सोमवार शाम यानी 16 नवंबर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने ट्रोल करने वालों से सवाल करते हुए लिखा, “मैंने छठी मैया को अर्घ्य दिया और कुछ लोगों ने मेरे ब्याह की चिंता का अर्घ्य दे दिया। मेरा भी एक सवाल है- अगर कुंवारा लड़का छठ कर सकता है, तो कुंवारी लड़की क्यों नहीं? कोई तर्क है तो बताइए, मैं जरूर सुनूंगी।”

एक्ट्रेस ने इस पोस्ट के जरिए उन लोगों को जवाब दिया, जिन्होंने उनके बिना शादी के छठ पूजा करने पर सवाल उठाए थे। अक्षरा इस बात से भी नाराज नजर आईं कि लोगों ने एक धार्मिक त्योहार को उनकी शादी से जोड़कर देखा।

छठ पूजा करते हुए वायरल हुए थे वीडियो

दरअसल, हाल ही में अक्षरा सिंह के छठ पूजा करने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे। इन वीडियो में एक्ट्रेस पानी में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देती नजर आई थीं। इस दौरान उन्होंने नारंगी रंग का सिंदूर भी लगाया हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी शादी को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

https://www.instagram.com/reels/DfzJiLmA5VP

कुछ लोगों ने सवाल किया कि जब अक्षरा सिंह की शादी नहीं हुई है, तो वह छठ पूजा के ये रीति-रिवाज क्यों निभा रही हैं। वहीं, कुछ यूजर्स ने उन पर सिर्फ पब्लिसिटी के लिए छठ मनाने का आरोप भी लगाया। इन सवालों और टिप्पणियों के बाद अक्षरा ने अपने अंदाज में ट्रोलर्स को जवाब दिया।

अक्षय कुमार के साथ गाने में आई थीं नजर

काम की बात करें तो अक्षरा सिंह हाल ही में अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के गाने ‘घिस घिस घिस’ में नजर आई थीं। इस गाने में उन्होंने खास अपीयरेंस दी थी। फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है और इसमें बॉलीवुड के कई बड़े कलाकार नजर आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *