यूपी कांग्रेस नेताओं संग खरगे की बैठक, INDIA गठबंधन के साथ मजबूत विकल्प पेश करेगी कांग्रेस

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने सपा के सामने 181 संभावित सीटों पर दावेदारी पेश की है। इसी बीच सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर यूपी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई, जिसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुए।

बैठक में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, विधानसभा चुनाव की तैयारियों और समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर चर्चा हुई। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने बताया कि पार्टी का चुनाव प्रचार दिसंबर में शुरू होगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर सपा के साथ मंगलवार को बैठक होगी। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी कहा कि चुनाव प्रचार दिसंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल सीटों को लेकर चर्चा नहीं हुई है और पार्टी का लक्ष्य चुनाव जीतना है।

कांग्रेस ने सपा को 181 संभावित सीटों की सूची सौंपी है। इनमें सहारनपुर, रायबरेली, अमेठी, लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, बाराबंकी, महाराजगंज और कुशीनगर समेत कई क्षेत्र शामिल हैं। कांग्रेस इन सीटों पर अपने संगठन, पुराने चुनावी प्रदर्शन और स्थानीय नेताओं की सक्रियता के आधार पर दावा कर रही है।

वहीं, सपा ने कांग्रेस को 2022 विधानसभा और 2024 लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन की ग्राउंड रिपोर्ट भेजी है। सपा के मुताबिक 2022 में कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसे 2.33 फीसदी वोट मिले थे। 2024 में कांग्रेस ने 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें जीती थीं, जबकि सपा ने 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

सपा ने कांग्रेस से सीटों के साथ प्रस्तावित उम्मीदवारों का राजनीतिक बायोडाटा भी मांगा है। ऐसे में 17 नवंबर से शुरू होने वाली सीट बंटवारे की बातचीत दोनों दलों के लिए अहम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *