लखनऊ में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को वकीलों का प्रदर्शन उग्र हो गया। लखनऊ बार एसोसिएशन और सेंट्रल बार एसोसिएशन के आह्वान पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता विधानसभा का घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग की थी, लेकिन वकीलों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और विधानसभा के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़े वकील
प्रदर्शन के दौरान वकील हजरतगंज चौराहे से विधानसभा की ओर बढ़े। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ गए। इसके बाद वकीलों ने विधानसभा के सामने प्रदर्शन किया। प्रशासन ने पहले ही प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी और कई इलाकों में बैरिकेडिंग की गई थी।
अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग
सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री अवनीश दीक्षित ने बताया कि हापुड़ में हुई घटना के बाद वकीलों की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम का ड्राफ्ट तैयार किया गया था, लेकिन उसे आगे लागू नहीं किया गया। वकीलों का कहना है कि अधिवक्ताओं के साथ लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के कारण उनमें असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। इसी वजह से वे अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग कर रहे हैं।
मांग पूरी नहीं हुई तो महापंचायत
वकीलों की मांग है कि सरकार अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम के तैयार ड्राफ्ट को उनके सामने रखे और जल्द इसे लागू करने की दिशा में कदम उठाए। लखनऊ बार एसोसिएशन के महामंत्री जितेंद्र सिंह यादव ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अलग कानून की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि वकील लोगों को न्याय दिलाने का काम करते हैं और उनकी सुरक्षा बेहद जरूरी है।
वकीलों ने यह भी कहा है कि अगर प्रदर्शन के बाद सरकार ने अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की दिशा में कदम नहीं बढ़ाया, तो लखनऊ में अधिवक्ता महापंचायत आयोजित की जाएगी।