Knews Desk – उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी ने मतदाता सूची को लेकर अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ चलाएगी। इसके तहत हर बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों से करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं को जोड़ने की तैयारी है।
SIR के बीच बूथ स्तर तक पहुंचेगा BJP का अभियान
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को हुई प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अभियान की रणनीति पर चर्चा की। जिलाध्यक्षों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण को गंभीरता से लेते हुए अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायत और विधानसभा मतदाता सूचियों के बीच अंतर का मुद्दा उठाते हुए दावा किया था कि करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत की वोटर लिस्ट में हैं, लेकिन विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। बीजेपी ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के नाम विधानसभा मतदाता सूची में नहीं होने का मुद्दा भी उठाया था।
अब पार्टी पंचायत मतदाता सूची, राशन कार्ड धारकों, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और अन्य उपलब्ध सूचियों के जरिए ऐसे लोगों की पहचान करेगी, जिनके नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों की ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावा-आपत्ति और पुनरीक्षण की प्रक्रिया चलेगी। बीजेपी इसी अवधि में अपना मतदाता जोड़ो अभियान चलाएगी।
अभियान को प्रदेश, जिला, विधानसभा और बूथ स्तर पर अलग-अलग चरणों में बांटा गया है, ताकि हर स्तर के पदाधिकारी की जिम्मेदारी तय की जा सके।
22 से 24 नवंबर तक घर-घर अभियान
13 नवंबर को प्रदेश स्तरीय कार्यशाला के बाद 16, 17 और 18 नवंबर को जिला स्तर पर बैठकें होंगी। इसके बाद 19, 20 और 21 नवंबर को विधानसभा स्तर की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
22, 23 और 24 नवंबर को विशेष मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और बीएलए-2 घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करेंगे और पात्र लोगों के नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कराएंगे।
22 नवंबर को पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी किसी न किसी बूथ पर जाकर अभियान में शामिल होगा।
बीजेपी ने अभियान के लिए आठ प्रमुख श्रेणियां तय की हैं। इनमें 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवा, शादी के बाद दूसरी जगह आई महिलाएं, पंचायत सूची में शामिल लेकिन विधानसभा सूची से छूटे लोग, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, राशन कार्ड धारक, अस्थायी रूप से बाहर रहने वाले लोग और पंचायत सहायकों के जरिए चिन्हित मतदाता शामिल हैं।
इसके अलावा ‘कमल साथी ऐप’ के जरिए पंचायत और दूसरी उपलब्ध सूचियों को बूथ एवं विधानसभा के अनुसार डाउनलोड कर अभियान में इस्तेमाल करने की तैयारी है।
महिलाओं के लिए तीन दिन का विशेष अभियान
28 से 30 नवंबर तक महिला मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इसका संयोजन महिला मोर्चा करेगा। इसमें खास तौर पर शादी के बाद ससुराल आई उन महिलाओं पर ध्यान दिया जाएगा, जिनका नाम नई जगह की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
सामूहिक विवाह योजना की लाभार्थी महिलाओं के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों और बीसी सखियों से भी संपर्क किया जाएगा।
युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए 1, 2 और 3 दिसंबर को विशेष अभियान चलेगा। बीजेपी युवा मोर्चा के नेतृत्व में 18 से 25 वर्ष के युवाओं पर विशेष फोकस रहेगा। 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को भी मतदाता बनाने पर जोर दिया जाएगा।
कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम और कैंप लगाने की योजना है। छात्रवृत्ति, टैबलेट, स्कूटी और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लेकिन मतदाता के रूप में पंजीकरण नहीं कराने वाले युवाओं पर भी पार्टी की नजर रहेगी।
फॉर्म-6, 7 और 8 की दी जाएगी जानकारी
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची से जुड़े फॉर्म की प्रक्रिया समझाई जाएगी। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और पता बदलने या नाम, उम्र, लिंग, पिता/पति के नाम या फोटो में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जाएगा।
बीजेपी ने अभियान की निगरानी के लिए प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक रिपोर्टिंग व्यवस्था तैयार की है। प्रदेश कार्यालय से प्रतिदिन मॉनीटरिंग के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाएगा। जिला स्तर से मंडल और मंडल स्तर से बूथ एवं शक्ति केंद्र तक अभियान की रिपोर्टिंग होगी।
13 दिसंबर 2026 को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद 14, 15 और 16 दिसंबर को अभियान के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने की योजना है।
बीजेपी ने इस अभियान को मतदाता सूची के पुनरीक्षण के साथ अपने बूथ मैनेजमेंट से भी जोड़ा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की निगरानी में चलने वाले इस अभियान का लक्ष्य प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 बूथों तक पहुंचना है। हर बूथ से 50 नए मतदाता जोड़ने के लक्ष्य के साथ पार्टी करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं को जोड़ने की तैयारी कर रही है।