लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की 72 घंटे के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले आशीष के घर में एक के बाद एक तीन बच्चों की मौत से मातम पसरा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई है, लेकिन बच्चों की मौत की वास्तविक वजह अभी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुई है।
Knews Desk
मलिहाबाद के खंडसरा गांव में एक ही परिवार के तीन बच्चों की लगातार मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। महज 72 घंटे के भीतर तीन बच्चों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी मातम का माहौल है।
पहले बेटे को आया तेज बुखार, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
घटना की शुरुआत 9 नवंबर को हुई। आशीष के तीन वर्षीय छोटे बेटे देवांश को अचानक तेज बुखार आया। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से ठीक पहले ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अगले ही दिन 10 नवंबर को छह वर्षीय दूसरे बेटे कार्तिक की भी अचानक मौत हो गई।
दो बच्चों की मौत के बाद परिवार पर तीसरा बड़ा कहर गुरुवार को टूटा। परिवार की नौ वर्षीय इकलौती बेटी लक्ष्मी के पेट में तेज दर्द उठा। घरवाले उसे तुरंत दुबग्गा के सेवार्थ अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह तीन दिनों के भीतर परिवार के तीन बच्चों की जान चली गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय टीम खंडसरा गांव पहुंची। टीम में क्षेत्रीय अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएन यादव, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. निशांत निर्वाण, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. अतुल वर्मा और सीएचसी माल के अधीक्षक डॉ. धनंजय कुशवाहा शामिल रहे। अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों से जानकारी जुटाई।
फूड पॉइजनिंग की आशंका, लेकिन कारण अभी साफ नहीं
डॉक्टरों के मुताबिक, तीसरी बच्ची के नाक और मुंह से खून आने की बात सामने आई है, इसलिए फूड पॉइजनिंग की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, शुरुआती जांच में किसी गंभीर संक्रामक बीमारी के स्पष्ट लक्षण सामने नहीं आए हैं। शुक्रवार को गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने की बात भी कही गई है।
सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के अनुसार, तीसरी बच्ची की ब्लड रिपोर्ट में डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी बीमारियों की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, चेस्ट एक्स-रे में दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया के लक्षण मिले हैं। फिलहाल तीनों बच्चों की मौत का वास्तविक कारण आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। जरूरत पड़ने पर अन्य बच्चों के शवों को भी निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जा सकता है।