छठ पूजा पर यात्रियों को बड़ी राहत, भोपाल से गुजरेंगी 17 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

KNEWS DESK- छठ महापर्व के दौरान उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ और ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों को राहत देने के लिए भोपाल मंडल से कुल 17 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया गया है। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से मध्य प्रदेश से बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे की ओर से चलाई जा रही ये स्पेशल ट्रेनें इटारसी, भोपाल, बीना, गुना, विदिशा, नर्मदापुरम और रानी कमलापति समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। त्योहार के दौरान इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने के साथ ही घर तक पहुंचने में सुविधा होगी।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर स्पेशल ट्रेनें इटारसी, भोपाल और बीना जैसे प्रमुख मार्गों से संचालित की जाएंगी। इनमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस यानी LTT से दानापुर, LTT से गोरखपुर, पुणे से दानापुर और उधना से बरौनी जाने वाली विशेष ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा रानी कमलापति से दानापुर और रीवा के लिए भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।

भोपाल मंडल से गुजरने वाली प्रमुख स्पेशल ट्रेनों में लोकमान्य तिलक टर्मिनस-दानापुर स्पेशल ट्रेन 01023/01026 शामिल है। यह ट्रेन खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी और सतना के रास्ते चलेगी। वहीं लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन 01027/01028 खंडवा, इटारसी, भोपाल और बीना से होकर गुजरेगी।

पुणे-दानापुर स्पेशल ट्रेन 01469 भी खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी और सतना के रास्ते संचालित होगी। इसके अलावा सूरत के उधना से बरौनी जाने वाली स्पेशल ट्रेन 09039/09040 भी खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी और सतना होकर चलेगी।

बलिया-दादर स्पेशल ट्रेन 01025/01026 हरदा, इटारसी, रानी कमलापति और बीना से होकर गुजरेगी। इसके साथ ही रानी कमलापति स्टेशन से दानापुर और रीवा के लिए भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

छठ पूजा के दौरान स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन में सवार होने से पहले उसकी सही तारीख, समय और ठहराव की जानकारी जरूर जांच लें। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस ऐप या रेलवे स्टेशन की पूछताछ खिड़की से ट्रेन से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

रेलवे ने यात्रियों को यह भी सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले ही टिकट बुक कर लें, ताकि आखिरी समय में टिकट को लेकर परेशानी न हो। यात्री इन स्पेशल ट्रेनों में आईआरसीटीसी की वेबसाइट या रेलवे टिकट बुकिंग विंडो के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *