सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कपाट हुए बंद, अब ओंकारेश्वर मंदिर में होगी बाबा केदार की शीतकालीन पूजा
Knews Desk – केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का समापन हो गया। इस दौरान धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और बाबा के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
सुबह चार बजे से शुरू हुई विशेष पूजा
कपाट बंद करने की प्रक्रिया सुबह चार बजे विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। विधि-विधान से पूजा संपन्न होने के बाद सुबह 8:30 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट बंद किए गए। इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़, पुलिस उपाधीक्षक अवनी तिवारी और चौकी प्रभारी मुकेश डिमरी सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इसके बाद बाबा केदार की डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। डोली की विदाई के दौरान श्रद्धालु भावुक नजर आए और जयकारों के साथ बाबा को विदा किया।
कई श्रद्धालु डोली के साथ हुए रवाना
धाम से बाबा की डोली की विदाई के दौरान तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों और देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी हिस्सा लिया। कई श्रद्धालु बाबा की डोली के साथ ही धाम से रवाना हुए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाबा केदार की डोली बुधवार को पहली रात रामपुर में विश्राम करेगी। 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी और 13 नवंबर को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद धार्मिक परंपराओं के अनुसार ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार की शीतकालीन पूजा शुरू होगी।
छह महीने तक हिमालय की ऊंची पहाड़ियों में विराम के दौरान बाबा केदार की पूजा ऊखीमठ में होगी।