मदर डेयरी ने दिल्ली-NCR में अपने लिक्विड मिल्क के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। नई कीमतें 12 नवंबर 2026 से लागू होंगी। अलग-अलग वैरायटी के दूध के दाम में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। कंपनी ने इस साल दूसरी बार दूध के दाम बढ़ाए हैं।
Knews Desk – मदर डेयरी के दूध की नई कीमतें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू होंगी। कंपनी ने फुल क्रीम, टोंड, डबल टोंड और गाय के दूध समेत कई वैरायटी के दाम बढ़ाए हैं। दिल्ली-NCR में मदर डेयरी दूध की प्रमुख सप्लायर कंपनियों में शामिल है।
किस दूध की कीमत कितनी बढ़ी?
फुल क्रीम दूध की कीमत 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यानी इसमें 4 रुपये प्रति लीटर की सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है।
पाउच वाले टोंड दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डबल टोंड दूध अब 54 रुपये के बजाय 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, बल्क वेंडिंग के जरिए मिलने वाले टोंड दूध की कीमत 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
छह महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में बदलाव किया था। अब करीब छह महीने बाद कंपनी ने एक बार फिर दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले अप्रैल 2025 में भी कीमतों में संशोधन किया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, किसानों से दूध की खरीद कीमत बढ़ने के कारण कंपनी की इनपुट लागत में इजाफा हुआ है। इसी बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डाला गया है। मदर डेयरी अपने दूध की बिक्री से होने वाली आय का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है।
मदर डेयरी दिल्ली-NCR में रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। कंपनी की कुल दैनिक दूध बिक्री 50 लाख लीटर से ज्यादा बताई गई है।