असम में बड़ा रेल हादसा, डिगारू के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत 5 कोच बेपटरी

Knews Desk – असम में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। यह हादसा गुवाहाटी के बाहरी इलाके में डिगारू रेलवे स्टेशन के पास हुआ। शुरुआती जानकारी में कई यात्रियों के घायल होने की बात सामने आई थी, लेकिन पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि हादसे में किसी यात्री की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है।

दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान हुआ हादसा

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सके और ट्रेन पटरी से उतर गई। हादसे में इंजन के साथ 5 कोच भी पटरी से उतर गए।

रेलवे ने बताया कि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई है। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। अधिकारी मौके पर बहाली के काम की निगरानी कर रहे हैं और रेल परिचालन को सामान्य करने की प्रक्रिया जारी है।

हादसे के कारण रेलवे ने कुछ ट्रेनों के परिचालन को नियंत्रित किया है। ट्रेन संख्या 12067 गुवाहाटी-जोरहाट टाउन जन शताब्दी एक्सप्रेस को पानबारी में रोका गया है। वहीं ट्रेन संख्या 15627 कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस को पानीखैती में रोका गया है।

कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस मिजोरम से कोलकाता की ओर जा रही थी। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बहाली का काम शुरू किया गया। रेलवे की ओर से हादसे की स्थिति और परिचालन से जुड़ी जानकारी साझा की जा रही है।

हाल के दिनों में कई देशों में रेल हादसे सामने आए हैं। 28 अक्टूबर को स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में 69 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। वहीं 8 नवंबर को मिस्र की राजधानी काहिरा के दक्षिण में दो यात्री ट्रेनों की टक्कर में कम से कम चार लोगों की मौत हुई थी और 88 अन्य घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *