मुंबई जाने वाली एयर इंडिया फ्लाइट में हाईजैक की धमकी, कोलकाता एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप

उड़ान से पहले टॉयलेट के शीशे पर मिला धमकी भरा संदेश, विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर CISF और सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच

Knews Desk – पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। विमान उड़ान भरने की तैयारी में था, तभी उसके टॉयलेट के शीशे पर हाईजैक से संबंधित धमकी भरा संदेश मिलने की बात सामने आई।

पायलट ने ATC को किया अलर्ट

जानकारी के मुताबिक, धमकी भरे संदेश पर नजर पड़ने के बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी। इसके बाद विमान को सुरक्षा जांच के लिए तत्काल आइसोलेशन बे में ले जाया गया। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गईं।

विमान को आइसोलेशन बे में ले जाने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और एयरपोर्ट के विशेष सुरक्षा अधिकारियों ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। विमान के अंदर किसी संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी का पता लगाने के लिए चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, विमान को धमकी मिली थी। सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान में सवार यात्रियों की सूची की जांच की जा रही है। इसके अलावा एयरपोर्ट परिसर और विमान के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विमान के टॉयलेट के शीशे पर धमकी भरा संदेश किसने लिखा और इसके पीछे किसका हाथ है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *